“हरिद्वार में अग्नि सुरक्षा का अलर्ट: अस्पतालों में मॉक ड्रिल और प्रशिक्षण से जागरूक हुआ स्टाफ”

हरिद्वार। फायर स्टेशन मायापुर की टीम द्वारा राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह के अंतर्गत 16 अप्रैल 2026 को शहर के प्रमुख अस्पतालों में विशेष अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान अग्निशमन अधिकारी श्री बीरबल सिंह के नेतृत्व में टीम ने अस्पताल स्टाफ को प्रशिक्षण देकर आपदा से निपटने के लिए तैयार किया।
अभियान के तहत सिटी हॉस्पिटल, देवभूमि हॉस्पिटल एवं चैनराय जिला महिला हॉस्पिटल में पहुंचकर कर्मचारियों को आग से बचाव एवं प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग की जानकारी दी गई।
अग्निशमन अधिकारी ने स्टाफ को निर्देशित किया कि सभी अग्निशमन उपकरण हमेशा उच्च गुणवत्ता और कार्यशील अवस्था में रखें तथा समय-समय पर मॉक ड्रिल का आयोजन करते रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत नजदीकी फायर स्टेशन को सूचित करें और आपातकालीन नंबर 112 पर संपर्क करें। साथ ही यह भी बताया कि मौके पर मौजूद व्यक्ति ही सबसे पहले फर्स्ट रिस्पॉन्डर की भूमिका निभाता है, इसलिए हर व्यक्ति का जागरूक और प्रशिक्षित होना बेहद जरूरी है।
इस दौरान टीम द्वारा अस्पतालों में लगे अग्निशमन उपकरणों की जांच भी की गई और उनकी उपयोगिता को परखा गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल और अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज” की थीम को साकार करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *