गांधी-शास्त्री जयंती पर जिला पंचायत में गूंजा स्वच्छता का संदेश, प्रांगण में चला महाअभियान
हरिद्वार, 2 अक्टूबर। जिला पंचायत हरिद्वार के प्रांगण में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जन्म जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के अंतर्गत ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत–विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करते हुए जिला पंचायत परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी किरण सिंह एवं सचिव महेश बिश्नोई सहित जिला पंचायत के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। पूरे प्रांगण में साफ-सफाई करते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी किरण सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ और सशक्त समाज की आधारशिला माना था। गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता अभियान चलाना उनके विचारों को धरातल पर उतारने का सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जब हर व्यक्ति अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लेगा, तभी स्वच्छ भारत के साथ विकसित भारत का सपना साकार होगा।

जिला पंचायत सचिव महेश बिश्नोई ने कहा कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ इसे अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश देता है। जिला पंचायत स्तर पर स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए सार्वजनिक स्थलों और कार्यालय परिसरों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्श हमें राष्ट्रसेवा, अनुशासन और स्वच्छता के लिए सदैव प्रेरित करते रहेंगे।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता बनाए रखने, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने तथा स्वच्छ एवं विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया l













