नवीन कुमार जैन के कैंप कार्यालय पर पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि, राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजा परिसर
हरिद्वार। देश के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्रद्धेय लाला लाजपत राय एवं विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष और राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख स्तंभ श्रद्धेय अशोक सिंघल की पुण्यतिथि के अवसर पर भाजपा नेता एवं मानवाधिकार ब्यूरो उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष अधिवक्ता नवीन कुमार जैन के कैंप कार्यालय पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपस्थित अधिवक्ताओं एवं भाजपा नेताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पमालाएं अर्पित कर पुष्पांजलि दी और उनके राष्ट्र एवं समाज के प्रति योगदान को नमन किया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपस्थित राष्ट्रभक्तों ने लाला लाजपत राय अमर रहें, अशोक सिंघल अमर रहें, भारत माता की जय तथा अयोध्या में विराजमान भगवान श्रीराम के जयघोष लगाकर वातावरण को राष्ट्रभक्ति और श्रद्धा से ओतप्रोत कर दिया।
इस अवसर पर अधिवक्ता नवीन कुमार जैन ने कहा कि श्रद्धेय अशोक सिंघल जी ने अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने राम मंदिर आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने और मंदिर निर्माण के मार्ग को प्रशस्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, महान स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका त्याग, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।
कार्यक्रम में विचार व्यक्त करते हुए हरपाल सिंह सैनी आर्य ने कहा कि हम सभी को इन महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। राष्ट्र निर्माण में योगदान देना ही महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर अधिवक्ता सुनील गोयल, अशोक कुमार, सचिन गोंडवाल, रवि कुमार जैन, ऋषिपाल बर्मन, कन्हैया ठाकुर, राजेश वर्मा, सुधीर चौधरी, अनुज कुमार, अनिल राणा, ब्रजेश सैनी, अमित सिंघल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
लाला लाजपत राय और अशोक सिंघल के आदर्शों से राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा लें: नवीन कुमार जैन













