19 सितंबर को NSA अजित डोभाल और 20 सितंबर को हीरो मोटोकॉर्प CEO हर्षवर्धन चितले करेंगे संबोधन
रुड़की (कमल शर्मा)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की में 19 और 20 सितंबर को आयोजित होने जा रहे दीक्षांत समारोह-2026 को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दो दिवसीय समारोह में संस्थान के 2,701 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इस बार समारोह में राष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा, उद्योग, प्रौद्योगिकी, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र से जुड़े देश के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे।
आईआईटी रुड़की में आयोजित प्रेस वार्ता में निदेशक प्रो. के.के. पंत ने दीक्षांत समारोह की जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव होने के साथ ही पूरे संस्थान के लिए गौरव का अवसर है। उन्होंने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें अनुसंधान, नवाचार, आलोचनात्मक सोच और समाज की सेवा के लिए तैयार करने पर विशेष जोर देता है।
पहले दिन स्नातक विद्यार्थियों को मिलेंगी डिग्रियां
19 सितंबर को दीक्षांत समारोह का पहला दिन स्नातक (UG) विद्यार्थियों को समर्पित रहेगा। भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार श्री अजित कुमार डोभाल, केसी मुख्य अतिथि के रूप में समारोह को संबोधित करेंगे। वहीं जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
दूसरे दिन PG और पीएच.डी. विद्यार्थियों का दीक्षांत
20 सितंबर को स्नातकोत्तर (PG) एवं पीएच.डी. विद्यार्थियों के लिए समारोह आयोजित होगा। हीरो मोटोकॉर्प के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री हर्षवर्धन चितले मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। डॉ. कपिल गर्ग, संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक, ऑयलमैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड तथा प्रबंध निदेशक, एशियन एनर्जी सर्विसेज लिमिटेड विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे।
दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता अधिवक्ता हरीश साल्वे, पूर्व सॉलिसिटर जनरल ऑफ इंडिया एवं अध्यक्ष, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स, आईआईटी रुड़की करेंगे।
शिक्षा से राष्ट्र निर्माण तक आईआईटी रुड़की की भूमिका
प्रो. के.के. पंत ने कहा कि इस वर्ष 2,701 विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उत्सव मनाते हुए संस्थान उनके भीतर विकसित उत्कृष्टता, नवाचार, अनुसंधान और समाज सेवा की भावना को भी आगे बढ़ाने की उम्मीद करता है। प्रतिष्ठित अतिथियों की उपस्थिति शिक्षा, अनुसंधान, राष्ट्रीय प्राथमिकताओं और उद्योग के बीच आईआईटी रुड़की के मजबूत संबंधों को भी रेखांकित करती है।
उप निदेशक प्रो. प्रवीण कुमार ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, दृढ़ता और उपलब्धियों का उत्सव है। उन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों, पूर्व छात्रों, संकाय सदस्यों और सभी हितधारकों को इस महत्वपूर्ण अवसर में शामिल होने का आह्वान किया।
डीन ऑफ एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एन.के. नवानी ने कहा कि आईआईटी रुड़की में शिक्षा कक्षा तक सीमित नहीं है। विद्यार्थियों को वास्तविक दुनिया की चुनौतियों का समाधान खोजने, अनुसंधान और नवाचार को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
प्रेस वार्ता के दौरान दीक्षांत समारोह-2026 का प्रचार वीडियो भी लॉन्च किया गया, जिसमें संस्थान की उपलब्धियों और विद्यार्थियों की सफलताओं को प्रदर्शित किया गया। समारोह में व्यक्तिगत रूप से शामिल नहीं हो पाने वाले लोगों के लिए आईआईटी रुड़की के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।
आईआईटी रुड़की देश के प्रमुख तकनीकी संस्थानों में शामिल है। वर्ष 1847 में स्थापित यह संस्थान इंजीनियरिंग, विज्ञान, प्रबंधन, वास्तुकला एवं नियोजन तथा मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान के क्षेत्रों में उच्च शिक्षा और अनुसंधान के लिए जाना जाता है।













