जिला पंचायत परिसर में शान से लहराया तिरंगा, गूंजा राष्ट्रभक्ति का जयघोष
हरिद्वार(कमल शर्मा)15 अगस्त। जिला पंचायत कार्यालय परिसर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी (राजेंद्र सिंह) ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जिला पंचायत सदस्य, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान और देशभक्ति गीतों से पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो उठा।

जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी (राजेंद्र सिंह) ने जनपद एवं प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी अनेक वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने गांवों को बेहतर सड़कों से जोड़ने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किया, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से किसानों, मजदूरों और उद्यमियों को लाभ पहुंचा रही है। देश 2047 के विकसित भारत के संकल्प की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि जिला पंचायत के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान कर गांवों के विकास को गति देना प्राथमिकता है। उन्होंने अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश की उन्नति और प्रगति के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को मिल-जुलकर कार्य करना होगा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि “स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत” के संकल्प को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान ने कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों को राष्ट्र हमेशा याद रखेगा। उन्हीं के त्याग और बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

आज इस पावन अवसर पर जिला पंचायत की टीम ने मिलकर प्रांगण में पौधों रोपण करके लोगों को यह संदेश देते हुए कहा कि अगर साँसे बचानी है l तो प्रत्येक व्यक्ति को 5-5 पेड़ लगाना अनिवार्य होगा तभी धरती पर हरियाली होगी l
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने तथा राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।










