अंबेडकर पार्क में गूंजा देशभक्ति का जयघोष, श्यामसुंदर बोले—शहीदों के बलिदान को राष्ट्र निर्माण से करें सार्थक; कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा—संविधान और लोकतंत्र की रक्षा ही सच्ची देशभक्ति
हरिद्वार(कमल शर्मा) जगजीतपुर स्थित प्रसिद्ध डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े ही धूमधाम, हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और राष्ट्र के प्रति अपनी आस्था एवं सम्मान व्यक्त किया। पूरा पार्क तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया तथा देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान श्यामसुंदर आवित्य ने कहा कि देश की आजादी असंख्य वीर शहीदों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि शहीदों के सपनों के भारत के निर्माण का संकल्प लेने का दिन है। प्रत्येक नागरिक को जाति, धर्म और वर्ग से ऊपर उठकर देश की एकता-अखंडता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि भारत की आजादी की लड़ाई केवल सत्ता परिवर्तन की लड़ाई नहीं थी, बल्कि यह देश के प्रत्येक नागरिक को सम्मान, समानता, अधिकार और न्याय दिलाने का संघर्ष था। उन्होंने कहा कि आज हमें स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक भाईचारे की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश तभी मजबूत बनेगा, जब समाज के हर वर्ग को समान अवसर और सम्मान मिलेगा। स्वतंत्रता दिवस हमें एकजुट होकर राष्ट्र की तरक्की के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है।
सचिव रवि कुमार एवं कोषाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने भी स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का आह्वान किया।
समारोह में एडवोकेट सतीश धबाले, दिनेश दुबे, भंवर सिंह, रंजीत सिंह बौद्ध, वसीम सलमानी, मेहरबान अली, खालिद अंसारी, हरदास, गोपाल दास, सुभाष, लालू, रामकुमार, देवेश वर्धन, सचिन कुमार, बलराम, रामबहादुर, सनी, अजित कुमार, अश्विनी, महेश, रविकांत, संदीप कुमार, जोगिंदर सिंह, श्याम सिंह, शेखर, राजकुमार, ऋषिपाल, परशुराम, विराट कुमार, रोशनी, मंगल सिंह, बिरबल, संदीप भोर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी सहभागिता की। सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लिया। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान अंबेडकर पार्क में देशभक्ति और आपसी भाईचारे का ऐसा माहौल बना कि पूरा क्षेत्र राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर नजर आया।










