रुड़की(कमल शर्मा)भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष की 125वीं जयंती पर सोमवार को तहसील कैंप कार्यालय, रुड़की में श्रद्धांजलि एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम नगर संघसंचालक जलसिंह सैनी के आतिथ्य में संपन्न हुआ, जिसमें भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिला विधि संयोजक एवं मानवाधिकार ब्यूरो उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष अधिवक्ता नवीन कुमार जैन ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, अखंड भारत और जनसेवा के लिए समर्पित रहा। उनके आदर्श आज भी प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
वरिष्ठ भाजपा नेता नीलकमल शर्मा ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके विचार वर्तमान पीढ़ी को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देते हैं।
डॉ. अशोक शर्मा ‘आर्य’ ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन त्याग, राष्ट्रनिष्ठा और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रधान आर्य हरपाल सिंह सैनी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का योगदान भारतीय लोकतंत्र और राष्ट्रवाद के इतिहास में सदैव स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा। उनके विचार समाज को एकता और राष्ट्रसेवा का संदेश देते हैं।
कार्यक्रम में अमित सिधन (जिला संयोजक, प्रकोष्ठ भाजपा), अनुज आत्रेय (मंडल मंत्री, भाजपा), ऋषिपाल प्रवता (संस्कृत प्रकोष्ठ) सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सभी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर रुड़की में भावपूर्ण श्रद्धांजलि, राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दोहराया





