हरिद्वार। डॉक्टर्स डे के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) हरिद्वार की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में शहर की प्रख्यात आईवीएफ विशेषज्ञ डॉ. संध्या शर्मा को चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं और निःसंतान दंपत्तियों के जीवन में नई उम्मीद जगाने के लिए सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. आर.के. सिंह ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
डॉ. संध्या शर्मा को इससे पूर्व नई दिल्ली में आयोजित नेशनल आईवीएफ समिट में मातृत्व एवं पितृत्व के सपनों को साकार करने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘वॉइस ऑफ हेल्थ केयर अवार्ड’ से भी नवाजा जा चुका है। आईवीएफ के क्षेत्र में उनकी विशेषज्ञता और मरीजों के प्रति समर्पित सेवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर भी सराहा गया है।
समारोह को संबोधित करते हुए सीएमओ डॉ. आर.के. सिंह ने कहा कि “चिकित्सा केवल एक कर्म नहीं, बल्कि ऐसी दीपशिखा है, जो अंधकार में भी विश्वास की लौ को बुझने नहीं देती।” उन्होंने कहा कि एक चिकित्सक केवल रोग का उपचार नहीं करता, बल्कि मरीज और उसके परिवार में जीवन के प्रति आशा और विश्वास का संचार भी करता है। उन्होंने सभी चिकित्सकों से सेवा भावना, संवेदनशीलता और नैतिक मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
आईएमए के प्रांतीय सचिव डॉ. डी.डी. चौधरी ने कहा कि चिकित्सा पेशा समाज का सबसे जिम्मेदार और सम्मानित दायित्व है। उन्होंने चिकित्सकों से पेशे की गरिमा, नैतिक मूल्यों और ईमानदारी को बनाए रखते हुए निस्वार्थ भाव से मरीजों की सेवा करने का आह्वान किया।
इससे पूर्व आईएमए हरिद्वार के अध्यक्ष डॉ. विपिन मेहरा, सचिव डॉ. प्रेम लूथरा और कोषाध्यक्ष डॉ. आर.के. सिंघल ने मुख्य अतिथि सहित सभी आगंतुकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि डॉक्टर्स डे चिकित्सकों के समर्पण, सेवा और समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान को सम्मान देने का अवसर है।
समारोह के दौरान 30 वर्षों से अधिक समय से समाज को उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने वाले वरिष्ठ चिकित्सकों डॉ. बी.के. एंडले, डॉ. तरुण गुप्ता, डॉ. समरजीत चौधरी और डॉ. संध्या शर्मा को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10वीं और 12वीं बोर्ड सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। वहीं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में डॉ. करुणा शर्मा, पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, खेल के क्षेत्र में सुखबीर सिंह तथा सामाजिक क्षेत्र में पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रदीप चौधरी को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
डॉक्टर्स डे के इस गरिमामय समारोह में बड़ी संख्या में चिकित्सक, चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोग और सम्मानित अतिथि उपस्थित रहे। समारोह में समाज के प्रति चिकित्सकों की भूमिका, चिकित्सा सेवा की गरिमा और मानवता के प्रति समर्पण को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के द्वारा आईवीएफ विशेषज्ञ डॉ. संध्या शर्मा को चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं और निःसंतान दंपत्तियों के जीवन में नई उम्मीद जगाने के लिए किया गया सम्मानित





