राष्ट्रीय हिंदू चेतना सभा में हिंदू एकता, संस्कृति संरक्षण और राष्ट्र निर्माण पर हुआ मंथन
हरिद्वार (कमल शर्मा)।
देवभूमि हरिद्वार में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया के आगमन पर कार्यकर्ताओं और हिंदू समाज ने भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय हिंदू चेतना सभा में हजारों हिंदू कार्यकर्ताओं, संत-महात्माओं और सामाजिक प्रतिनिधियों ने भाग लेकर हिंदू समाज की एकता, सुरक्षा और सांस्कृतिक जागरण का संकल्प लिया।

सभा को संबोधित करते हुए डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि “हिंदू समाज को संगठित होकर राष्ट्र, धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए आगे आना होगा। जब तक हिंदू समाज मजबूत नहीं होगा, तब तक भारत की सनातन पहचान को मजबूती नहीं मिल सकती। युवाओं को अपने धर्म, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति जागरूक होकर समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।”
उन्होंने कहा कि हिंदू चेतना ही भारत की आत्मा है और इसी चेतना के बल पर देश विश्वगुरु बनने की दिशा में अग्रसर होगा। उन्होंने गौसंरक्षण, परिवार व्यवस्था, संस्कार शिक्षा और सामाजिक समरसता को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय बजरंग दल उत्तराखंड के प्रांत मंत्री ठाकुर विशाल सिंह राणा ने कहा कि “राष्ट्रीय हिंदू चेतना सभा का उद्देश्य समाज में राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक गौरव और हिंदू एकता की भावना को मजबूत करना है। डॉ. प्रवीण तोगड़िया जैसे राष्ट्रवादी नेतृत्व का मार्गदर्शन युवाओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करता है।”
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पावन भूमि सदैव धर्म और राष्ट्रहित के आंदोलनों की साक्षी रही है तथा राष्ट्रीय बजरंग दल प्रदेशभर में हिंदू जागरण एवं सामाजिक सेवा के कार्यों को और अधिक गति देगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने हिंदू एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ धर्म एवं संस्कृति की रक्षा हेतु संगठित रहने का आह्वान किया। सभा में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं युवा संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




