🔥 रुड़की। कमल शर्मा/ओ३म—आर्य समाज नंद विहार रुड़की के पदाधिकारियों द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय श्री जे.एन. सिन्हा जी के उत्तराधिकारी परिवार को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर श्रीमती किरण कौशिक जी एवं श्री सुखपाल कौशिक जी (सुपुत्री एवं दामाद) को ओ३म अंगवस्त्र पहनाकर, स्मृति चिन्ह तथा शहीद-ए-आजम भगत सिंह जी का चित्र भेंट कर सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है। कौशिक परिवार का आर्य समाज नंद विहार रुड़की को निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग मिलता रहा है, जो समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
श्रीमती किरण कौशिक जी ने अपने संबोधन में कहा,
“यह सम्मान केवल हमारे परिवार का नहीं, बल्कि उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों का है जिन्होंने देश की आज़ादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आर्य समाज द्वारा दिया गया यह सम्मान हमें अपने कर्तव्यों के प्रति और अधिक जागरूक करता है।”
श्री सुखपाल कौशिक जी ने कहा,“हम अपने पूर्वजों की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। आर्य समाज नंद विहार द्वारा दिया गया यह सम्मान हमारे लिए गर्व का विषय है और हम भविष्य में भी समाज सेवा के कार्यों में सहयोग करते रहेंगे।”
श्री हरपाल सैनी जी ने कहा,“आर्य समाज सदैव राष्ट्रभक्ति और समाज सेवा के मूल्यों को आगे बढ़ाता रहा है। ऐसे परिवारों का सम्मान करना हमारी परंपरा है, जिससे नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है और देशभक्ति की भावना सशक्त होती है।”
कार्यक्रम का वातावरण देशभक्ति और सम्मान की भावना से ओत-प्रोत रहा। अंत में सभी ने स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।



