नवरात्र पर मां मनसा देवी की महिमा: “हर विघ्न होगा दूर, हर मनोकामना होगी पूर्ण” – श्रीमहंत रविंद्रपुरी 🔱

🔱 कमल शर्मा (हरिहर समाचार)
हरिद्वार, 19 मार्च।
चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर मनसा देवी मंदिर में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। नवरात्र के प्रथम दिन अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने विधिवत पूजा-अर्चना कर समस्त जनकल्याण की कामना की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नवरात्र मां भगवती की कृपा प्राप्त करने का सर्वोत्तम समय है। जो श्रद्धालु पूरे विधि-विधान से मां के नौ स्वरूपों की आराधना करते हैं, उनके जीवन से सभी विघ्न-बाधाएं दूर हो जाती हैं और परिवार में सुख-समृद्धि का वास होता है।
श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने विशेष रूप से बताया कि मां मनसा देवी अपने भक्तों की हर मनोकामना पूर्ण करती हैं। मंदिर परिसर में स्थित पवित्र वृक्ष पर श्रद्धालु धागा बांधकर अपनी इच्छाएं व्यक्त करते हैं और पूर्ण होने पर उसे खोलकर मां को अर्पित करते हैं—जो आस्था और विश्वास की अनूठी परंपरा है।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि मंदिर में पुरानी परंपरा को पुनर्जीवित करते हुए अब प्रतिदिन ढोल-नगाड़ों के साथ मां की विशेष पूजा-अर्चना और भव्य आरती आयोजित की जाएगी, जिससे भक्तों को दिव्यता का अनुभव और अधिक गहराई से हो सके।
नवरात्र के इस शुभ अवसर पर उन्होंने समाज से आह्वान किया कि मां भगवती की आराधना के साथ-साथ देवी स्वरूपा कन्याओं के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प भी लें।
इस मौके पर निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी, ट्रस्टी सीमा गिरी, अनिल शर्मा, महेश दुबे और नमन शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *