युवा गायिका शीना भटनागर ने हरिद्वार का बढ़ाया मान

25.04.2026
हरिद्वार। नगर की लोकप्रिय सुगम संगीत और भजन‌गायिका तथा आकाशवाणी देहरादून‌ की पंजीकृत कलाकार सुश्री शीना भटनागर ने ग्राफिक एरा की ओर से आयोजित अन्तर विश्वविद्यालय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में सुगम संगीत की द्वितीय रनर्स अप ट्राफी तथा दस हजार रुपये का नकद पुरस्कार जीत कर धमर्नगरी हरिद्वार का नाम रौशन किया है।
श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के अन्तर्गत पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर, ऋषिकेश में एम.ए. (संगीत) की आर्य नगर निवासित छात्रा शीना ने ग्रेफेस्ट-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय/शास्त्रीय एकल गायन प्रतियोगिता में यह उपलब्धि हासिल की। हरिद्वार के लगभग सभी सांस्कृतिक मंचों पर अपने गीत संगीत का जलवा बिखेरती आ रही शीना भटनागर के गाये भजन आकाशवाणी पर प्रसारित होते रहते हैं।
​इस गौरवशाली उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रोफेसर एन.के. जोशी एवं परिसर निदेशक प्रोफेसर महावीर सिंह रावत ने छात्रा को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। परिसर के निदेशक प्रोफेसर एम.एस. रावत ने शीना को व्यक्तिगत रूप से बधाई देते हुए कहा कि ऐसी सफलताएं परिसर के शैक्षणिक और सांस्कृतिक परिवेश को नई ऊंचाइयां प्रदान करती हैं। ​इसके साथ ही, डी.एस.डब्ल्यू., संकाय अध्यक्ष और सांस्कृतिक समिति के सभी सदस्यों ने छात्रा की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त किया है। संगीत विभाग की विभागाध्यक्ष एवं सांस्कृतिक समिति की संयोजक डॉ. शिखा ममगांई ने बताया कि शीना एक अत्यंत अनुशासित और समर्पित छात्रा हैं। सांस्कृतिक समिति के सदस्यों ने भी संयुक्त रूप से शीना के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि, “उनकी यह जीत अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।” संस्कार भारती की‌ महानगर इकाई के सचिव संतोष साहू तथा चेतना पथ सम्पादक अरुण कुमार पाठक ने भी शीना को उनकी इस उपलब्धि पर बधाईयाँ दी हैं।‌

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *