चमरिया में गूंजा जय श्रीराम का जयघोष, ताड़का वध की लीला ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध



उत्तराखंड क्रांति दल के जिलाध्यक्ष गोकुल सिंह रावत ने किया भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलने का आह्वान
चमरिया। श्री आदर्श रामलीला कमेटी चमरिया के तत्वावधान में रामलीला मंचन के दौरान ताड़का वध की लीला का भव्य मंचन किया गया। लीला देखने के लिए पंडाल में दर्शकों और रामभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान पूरा पंडाल भगवान श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम में आयोजित आरती के मुख्य अतिथि उत्तराखंड क्रांति दल के जिलाध्यक्ष श्री गोकुल सिंह रावत रहे। उन्होंने भगवान श्रीराम की आरती कर श्रद्धालुओं को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। प्रत्येक व्यक्ति को उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए तथा समाज में सद्भाव, भाईचारे और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना चाहिए।
रामलीला में ताड़का का प्रभावशाली अभिनय पंकज भट्ट ने किया, जबकि भगवान श्रीराम की भूमिका नकुल सिंह और लक्ष्मण की भूमिका रितेश कुमार ने निभाई। कलाकारों के अभिनय और मंचन की दर्शकों ने सराहना की।
इस अवसर पर कमेटी के प्रबंधक श्री गोपाल अधिकारी ने पंडाल में उपस्थित सभी रामभक्तों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रामलीला का उद्देश्य केवल मनोरंजन करना नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के आदर्शों और भारतीय संस्कृति की महान परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाना भी है।
कार्यक्रम में रंजन बिष्ट, दीपक बिष्ट, पूरन अधिकारी, प्रताप सिंह अधिकारी, हरीश जोशी, सरिता अमोली, गीता जोशी, कैप्टन नारायण सिंह रावत सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं रामभक्त उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *