माननीय मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देश एवं जिलाधिकारी महोदय के नेतृत्व में ‘निर्मल हरिद्वार परियोजना के तहत 12 से 18 अगस्त तक वृहद स्वच्छता अभियान

हरिद्वार(कमल शर्मा)12 अगस्त 2026: माननीय मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों एवं जिलाधिकारी महोदय के नेतृत्व में ‘निर्मल हरिद्वार परियोजना– स्वच्छ हरिद्वार, साझी जिम्मेदारी’ के संदेश के साथ निर्मल हरिद्वार परियोजना के अंतर्गत नगर निगम हरिद्वार एवं डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स के सहयोगी संगठन आदर्श युवा समिति द्वारा 12 से 18 अगस्त 2026 तक वृहद स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है।

अभियान के प्रथम दिवस 12 अगस्त 2026 को प्रेमनगर पुल से ऋषिकुल पुल तक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क मार्ग एवं आसपास के सार्वजनिक स्थलों से लगभग 500 किलोग्राम मिश्रित अपशिष्ट एकत्रित किया गया। एकत्रित अपशिष्ट को उचित निस्तारण एवं प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन के लिए नगर निगम हरिद्वार की कचरा संग्रहण वाहन को सौंप दिया गया।

अभियान के अगले क्रम में 13 अगस्त 2026 को रामघाट एवं ऋषिकुल क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान घाट एवं आसपास के सार्वजनिक स्थलों की सफाई के साथ-साथ एकत्रित कचरे का उचित संग्रहण एवं निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

12 से 18 अगस्त तक चलने वाले इस वृहद अभियान के अंतर्गत हरिद्वार के विभिन्न महत्वपूर्ण एवं स्वच्छता की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में सफाई अभियान संचालित किए जाएंगे। साथ ही आमजन एवं श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने तथा कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

नगर निगम हरिद्वार, डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स एवं आदर्श युवा समिति की टीम ने कहा कि निर्मल हरिद्वार केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वच्छ एवं सुंदर हरिद्वार के निर्माण की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनसहभागिता के माध्यम से स्वच्छता के स्थायी व्यवहार को बढ़ावा देना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

टीम द्वारा आमजन एवं श्रद्धालुओं से अपील की गई कि वे हरिद्वार की स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करें और कूड़ा-कचरा खुले में न डालें। जनभागीदारी से ही ‘निर्मल हरिद्वार – स्वच्छ हरिद्वार, साझा जिम्मेदारी’ के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

— निर्मल हरिद्वार परियोजना “स्वच्छ हरिद्वार, साझी जिम्मेदारी”
नगर निगम हरिद्वार एवं डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स के सहयोगी संगठन आदर्श युवा समिति

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *