स्वामी रामानन्द सरस्वती चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित “श्री गुरु कृपा धाम” के ग्यारहवें वार्षिकोत्सव का आयोजन शनिवार 9 मई 2026 को अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण एवं पंचकुंडीय हवन यज्ञ से हुई, जिसके पश्चात ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने गुरु भक्ति में लीन होकर श्री सद्गुरूदेव महाराज जी की भव्य आरती में भाग लिया। रात्रि में बच्चों द्वारा प्रस्तुत सुंदर झांकियों एवं महिला समाज द्वारा आयोजित भजन संध्या ने सभी भक्तों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में सुश्री देवी सुदीक्षा सरस्वती जी ने अपने श्रीमुख से प्रवचन रूपी अमृतवर्षा कर उपस्थित श्रद्धालुओं को धर्म, सेवा और संस्कारों का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भण्डारे का प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन स्थल भक्तिमय वातावरण और जयघोषों से गूंज उठा।
इस मौके पर राजीव कालिया ने कहा कि गुरु परम्परा भारतीय संस्कृति की आत्मा है। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवा पीढ़ी को संस्कारों और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने के लिए इस प्रकार के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने ट्रस्ट और आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि “सनातन संस्कृति के संरक्षण और समाज में सकारात्मक ऊर्जा के संचार के लिए गुरु कृपा धाम द्वारा किया जा रहा कार्य प्रेरणादायक है।”
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सरस्वती युवा संगठन ट्रस्ट सहित अनेक सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं का विशेष सहयोग रहा।
गुरु कृपा धाम के ग्यारहवें वार्षिकोत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, राजीव कालिया बोले– “संस्कार और सनातन संस्कृति बचाने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण”



