“उदासीन अखाड़ा में न्याय की हुंकार: गणेश दास बोले—’पूरा पंजाब हमारे साथ, सुप्रीम कोर्ट तक लड़ेंगे लड़ाई'”



हरिद्वार(कमल शर्मा)नया उदासीन अखाड़ा (पंजाब गुट) की एक महत्वपूर्ण बैठक हरिद्वार में आयोजित की गई, जिसमें अखाड़े के सचिव महंत गणेश दास ने अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रवींद्र पुरी एवं महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरी के समक्ष अखाड़े से जुड़े विभिन्न मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए न्याय की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनका गुट पूरी निष्ठा के साथ अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के साथ खड़ा है और अखाड़े की गरिमा एवं परंपराओं की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा।
बैठक के दौरान महंत गणेश दास ने आरोप लगाया कि अखाड़े के कुछ संत देवी-देवताओं का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दौरान देवी-देवताओं का विधिवत स्नान भी नहीं कराया गया, जो सनातन आस्था और अखाड़े की परंपराओं के विपरीत है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्थाओं के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।
महंत गणेश दास ने अखाड़े में अनियमितताओं एवं कथित वित्तीय गड़बड़ियों का भी मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस संबंध में उनकी कानूनी लड़ाई लगातार जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने अखाड़े की संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया तथा भूमि का दुरुपयोग किया। उनका कहना था कि पूरा पंजाब उनके साथ खड़ा है और वे निचली अदालत से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक न्याय की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि उनका संपूर्ण जीवन उदासीन अखाड़ा की सेवा और संरक्षण के लिए समर्पित है।
बैठक के उपरांत महंत गणेश दास ने बताया कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रवींद्र पुरी तथा महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरी ने उन्हें आश्वस्त किया है कि अखाड़ा परिषद न्याय की इस लड़ाई में उनके साथ है और उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। बैठक में अखाड़े की एकता, परंपराओं की रक्षा तथा न्याय दिलाने को लेकर व्यापक चर्चा भी हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *