इब्राहिमपुर मसाही और तेलीवाला में पोपिन कुमार मौर्य का जोरदार स्वागत, 2027 चुनाव को लेकर मिला जनसमर्थन
ग्रामवासियों ने पार्टी से टिकट मिलने पर भारी मतों से जिताने का दिया भरोसा, महिला सशक्तिकरण और क्षेत्रीय विकास को लेकर भी हुई महत्वपूर्ण चर्चा
हरिद्वार (कमल शर्मा)। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष पोपिन कुमार मौर्य ने 30 अक्टूबर को ग्राम पंचायत इब्राहिमपुर मसाही एवं ग्राम तेलीवाला में ग्रामीणों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों और क्षेत्र के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की।

इब्राहिमपुर मसाही में ग्राम प्रधान श्री घनश्याम के कार्यालय पर आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामवासी शामिल हुए। इस दौरान क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं, विकास कार्यों, संगठन की मजबूती और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में ग्रामीणों ने पोपिन कुमार मौर्य के प्रति अपना विश्वास और समर्थन व्यक्त करते हुए कहा कि यदि पार्टी उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी घोषित करती है तो समस्त ग्रामवासी एकजुट होकर उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने के लिए प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर पोपिन कुमार मौर्य ने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और जनसेवा ही उनका मुख्य संकल्प है। वह क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में सहभागी बनकर उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने और विकास कार्यों को गति दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
महिला सशक्तिकरण को लेकर विशेष संकल्प
बैठक में महिला सशक्तिकरण, महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। पोपिन कुमार मौर्य ने कहा कि समाज की प्रगति महिलाओं के सम्मान और उनकी भागीदारी के बिना संभव नहीं है। महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से संबंधित मंचों पर उठाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
इसके उपरांत ग्राम तेलीवाला में आयोजित बैठक में भी पोपिन कुमार मौर्य का ग्रामीणों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं सम्मान किया। ग्रामीणों के उत्साह और समर्थन ने क्षेत्र में उनकी राजनीतिक सक्रियता को नई ऊर्जा प्रदान की।
पोपिन कुमार मौर्य ने सभी ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि जनता के बीच रहकर उनकी आवाज बनना, संगठन को मजबूत करना और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए काम करना है।
इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता के सहयोग से संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा तथा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा।
ग्रामीणों के उत्साहपूर्ण समर्थन और आगामी चुनाव को लेकर हुई चर्चाओं से ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र में पोपिन कुमार मौर्य की राजनीतिक सक्रियता को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।













