ऐतिहासिक होगा अग्रवाल वैश्य समाज का प्रदेशस्तरीय अधिवेशन, सभी तैयारियां पूरी : विनोद सिंगला
- अधिवेशन उपरांत सद्गुरू रितेश्वर महाराजा के सान्निध्य में होगा होली मिलन समारोह : सुभाष तायल
- संगठन की आगामी दिशा तय करेगा द्विवार्षिक चुनाव : पवन अग्रवाल
कैथल, 3 मार्च। अग्रवाल वैश्य समाज हरियाणा का आगामी 7 मार्च को वृंदावन में आयोजित होने वाला प्रदेशस्तरीय अधिवेशन ऐतिहासिक होने जा रहा है। ये जानकारी देते हुए समाज के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष विनोद सिंगला ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला की अध्यक्षता में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाभूमि वृंदावन के दिल्ली श्रीधाम रुक्मणी विहार में आयोजित होने वाले इस अधिवेशन की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई। उन्होंने बताया कि अधिवेशन में प्रदेशभर की नब्बे विधानसभाओं से समाज के पदाधिकारी एवं सदस्यगणों ने अपना पंजीकरण सुनिश्चित करवाया है। भारी संख्या में हुए पंजीकरणों को देखकर स्वत: ही अंदाजा लगाया जा रहा है कि इस आयोजन के प्रति वैश्य समाज में कितना उत्साह है। उन्होंने बताया कि अधिवेशन में पहुंचने वाले सभी वैश्यजनों के लिए आवास एवं भोजन जैसी सभी आवश्यक जरूरतों को पूरा कर लिया गया है और ये सुनिश्चित किया गया है कि वृंदावन में पहुंचने वाले सभी अतिथियों को किसी भी प्रकार की कोई समस्या का सामना न करना पड़ें। उन्होंने बताया कि आयोजन की सफलता के लिए भी सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां भी सौंप दी गई है। उन्होंने बताया कि अधिवेशन के पश्चात प्रतिभागियों को वृंदावन धाम के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन भी करवाए जाएंगे, जिससे सामाजिक विमर्श के साथ-साथ आध्यात्मिक अनुभूति का भी अवसर प्राप्त होगा।
आयोजन में पहुंचने वाले अतिथियों की जानकारी देते हुए प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सुभाष तायल ने बताया कि अधिवेशन के पश्चात रंग रस एवं होली मिलन समारोह भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस समारोह में श्री रामकृष्ण इंटरनेशनल के अध्यक्ष स्वामी गुरू पूज्य महेन्द्र दास जी महाराज बतौर मुख्यातिथि अपना पावन सान्निध्य प्रदान करेंगे तथा इससे पूर्व अधिवेशन में अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल, उत्तर प्रदेश व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रविकांत गर्ग, राष्ट्रीय जनउद्योग व्यापार संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित गुप्ता, बनारसी दास गुप्ता फाउंडेशन के अध्यक्ष अजय गुप्ता, भाजपा नेता पंकज जैन, युवा नेता एवं समाजसेवी नवीन गोयल, उद्योगपति एवं समाजसेवी वासूदेव गर्ग, राष्ट्रीय नवचेतना मंच के अध्यक्ष विजय सोमाणी बतौर अतिथि अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे। उन्होंने बताया कि संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ भविष्य की कार्ययोजनाओं पर गहन चर्चा की जाएगी। अग्रवाल वैश्य समाज का ये अधिवेशन न केवल संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव सिद्ध होगी, बल्कि समाज के भविष्य की रूपरेखा तय करने में भी मील का पत्थर साबित होगी। वैश्य समाज के लिए यह आयोजन एकता, चिंतन और नवसंकल्प का सशक्त मंच बनेगा।
कार्यकारी अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने बताया कि अधिवेशन के दौरान संगठन का 9वां द्विवार्षिक चुनाव भी संपन्न कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता एवं लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप संपन्न की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश महामंत्री पद के लिए चुनाव होगा। चुनाव के माध्यम से संगठन को नेतृत्व मिलेगा, जो आगामी दो वर्षों तक समाज की गतिविधियों का संचालन करेगा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव समाज के लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त करने और नेतृत्व को नई ऊर्जा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
