कमल शर्मा (हरिहर समाचार)
हरिद्वार। भारतमाता पुरम स्थित चिन्मय धाम में सोमवार, 2 मार्च 2026 को आयोजित होली मिलन समारोह रंग, उमंग और भाईचारे की भावनाओं के साथ अत्यंत हर्षोल्लास से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शहर की कई प्रमुख हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मदन कौशिक (मा० विधायक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भाजपा) ने अपने संबोधन में कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी प्रेम और सद्भाव को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और सभी वर्गों को एक मंच पर आने का अवसर मिलता है।

अति विशिष्ट अतिथि किरन जैसल (मा० मेयर, नगर निगम हरिद्वार) ने कहा कि होली हमें मनमुटाव भुलाकर नई शुरुआत करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने नगरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल होली मनाने का संदेश दिया तथा आयोजकों को सफल कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे परम पूज्य संत स्वामी चिन्मयानन्द बापू (राष्ट्रीय कथा वाचक) ने अपने आशीर्वचन में कहा कि होली का वास्तविक अर्थ है अंतःकरण की शुद्धि और प्रेम के रंग में रंग जाना। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक जीवन मूल्यों को अपनाने और समाज में एकता का संदेश फैलाने का आह्वान किया।

आयोजक एवं पार्षद आकाश भाटी ने सभी अतिथियों और नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि चिन्मय धाम में आयोजित फूलों की होली ने सभी के मन को आनंद और भक्ति से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम में प्रातः 11 बजे जलपान एवं दोपहर 1 बजे प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई। फूलों की होली में श्रद्धालु प्रेम और उल्लास के साथ एक-दूसरे पर पुष्पवर्षा करते नजर आए। पूरे परिसर में भक्ति गीतों और रंग-बिरंगे पुष्पों की सुगंध से वातावरण भक्तिमय और आनंदमय बना रहा।



