हरिद्वार(कमल शर्मा) उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित उत्तराखंड विशेष अधीनस्थ शिक्षा (प्रवक्ता संवर्ग) सेवा परीक्षा के अंतर्गत हिंदी विषय की लिखित मुख्य परीक्षा शनिवार को हरिद्वार और हल्द्वानी के कुल 17 परीक्षा केंद्रों पर दो सत्रों में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा में अभ्यर्थियों की लगभग 70 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
परीक्षा के लिए कुल 7,416 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। प्रथम सत्र में 5,163 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 2,253 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय सत्र में 5,161 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 2,255 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की गहन जांच की गई। प्रवेश पत्र एवं पहचान पत्र के सत्यापन के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्षों में प्रवेश दिया गया। आयोग की ओर से परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे।
इस दौरान उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष अनिल कुमार राणा ने पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ज्वालापुर तथा ज्वालापुर इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों का जायजा लेते हुए केंद्र व्यवस्थापकों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं तथा परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित होती मिली।
आयोग के अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था अथवा अनियमितता की सूचना प्राप्त नहीं हुई। सफल संचालन के लिए प्रशासन, शिक्षा विभाग और परीक्षा केंद्रों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समन्वित रूप से कार्य किया।
परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन से अभ्यर्थियों ने भी संतोष व्यक्त किया और आयोग की व्यवस्थाओं की सराहना की।
70 प्रतिशत उपस्थिति के साथ शांतिपूर्ण संपन्न हुई प्रवक्ता संवर्ग हिंदी मुख्य परीक्षा




