रुड़की फायर स्टेशन की बड़ी पहल: स्कूल में मॉक ड्रिल कर छात्राओं को सिखाए आग से बचाव के मंत्र

🔥 छात्राओं को सिखाए अग्नि सुरक्षा के गुर, रुड़की फायर टीम ने कराया मॉक ड्रिल अभ्यास 🔥
रुड़की, कमल शर्मा/19 मई 2026।
जनपद हरिद्वार के फायर स्टेशन रुड़की द्वारा अग्नि सुरक्षा एवं आपदा जागरूकता अभियान के तहत मदर मारिया पब्लिक स्कूल, टांडा बन्हेडा मंगलौर तहसील रुड़की में विशेष प्रशिक्षण एवं मॉक ड्रिल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व अग्निशमन अधिकारी श्री बंश नारायण यादव ने किया।
इस दौरान फायर टीम ने विद्यालय की अध्यापिकाओं एवं छात्राओं को प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग की विधि, एलपीजी सिलेंडर लीक होने से होने वाली आग की घटनाओं की रोकथाम तथा आपातकालीन नंबर 112 के महत्व की विस्तृत जानकारी दी। टीम ने बताया कि आग लगने, भूकंप जैसी आपात स्थितियों में घबराने के बजाय सतर्कता और सही कदम उठाना बेहद आवश्यक है।
अग्निशमन विभाग ने छात्राओं को समाज का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के संचालन एवं प्राथमिक चिकित्सा की जानकारी अवश्य होनी चाहिए, जिससे जनहानि और राष्ट्र की संपत्ति को नुकसान से बचाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में मॉक ड्रिल का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं और स्टाफ को आपदा के समय सुरक्षित निकासी एवं बचाव के तरीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। फायर अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन से अग्निशमन उपकरणों को हमेशा कार्यशील स्थिति में रखने और समय-समय पर मॉक ड्रिल अभ्यास आयोजित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि “Practice makes a man perfect” के सिद्धांत पर निरंतर अभ्यास ही सुरक्षा का सबसे बड़ा माध्यम है।
विद्यालय प्रबंधन ने फायर स्टेशन रुड़की की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम समाज में सुरक्षा के प्रति नई चेतना पैदा करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *