हरिद्वार (कमल शर्मा), 7 जून 2026।
हरिद्वार जनपद की होनहार बेटी रचना सिंह ने उत्तराखंड पीसीएस परीक्षा में चयनित होकर न केवल अपने परिवार और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है, बल्कि पूरे जिले का नाम भी प्रदेश और देशभर में रोशन किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सम्मान समारोह में पूर्व प्रधान श्याम सुंदर आदित्य, पूर्व ब्लॉक प्रमुख बहादराबाद प्रियव्रत एवं तीर्थपाल रवि ने रचना सिंह को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता क्षेत्र की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
पूर्व प्रधान श्याम सुंदर आदित्य ने कहा कि “रचना सिंह ने कठिन परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता से क्षेत्र की बेटियों को नई दिशा और प्रेरणा मिलेगी।”
पूर्व ब्लॉक प्रमुख बहादराबाद प्रियव्रत ने कहा कि “रचना सिंह का पीसीएस में चयन पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। यह सिद्ध करता है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।”
समाजसेवी तीर्थपाल रवि ने कहा कि “रचना सिंह की उपलब्धि हरिद्वार जिले के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने अपने परिश्रम से यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।”
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को रचना सिंह के संघर्ष और सफलता से प्रेरणा लेकर शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की ओर अग्रसर होना चाहिए।
इस अवसर पर पवन कुमार, एस.एस. तेजियान, पूर्व प्रधान श्याम सुंदर आदित्य, पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रियव्रत सिंह, तीर्थपाल रवि सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने रचना सिंह की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पीसीएस उत्तराखंड में चयनित होकर रचना सिंह ने बढ़ाया हरिद्वार का मान, क्षेत्र में खुशी की लहर




