🔥रुड़की। जनपद हरिद्वार के फायर स्टेशन रुड़की द्वारा अग्नि सुरक्षा एवं आपदा जागरूकता को लेकर एक विशेष जनजागरण अभियान चलाया गया। अग्निशमन अधिकारी श्री वंश नारायण यादव के नेतृत्व में टीम ने सनातन धर्मप्रकाश चन्द इंटर कॉलेज रुड़की पहुंचकर अध्यापिकाओं एवं छात्राओं को अग्नि सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग की विधि, एलपीजी सिलेंडर लीक होने पर आग लगने से बचाव के उपाय तथा आपातकालीन नंबर 112 के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। टीम ने बताया कि आपदा के समय घबराने के बजाय सही कदम उठाना बेहद आवश्यक है।

अग्निशमन विभाग की टीम ने छात्राओं को भूकंप, अग्निकांड एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए, इसके बारे में भी जागरूक किया। साथ ही प्राथमिक चिकित्सा के महत्व को समझाते हुए राष्ट्र की संपत्ति एवं जनहानि को बचाने में सभी की सहभागिता पर बल दिया गया।
अग्निशमन अधिकारी श्री वंश नारायण यादव ने विद्यालय प्रबंधन से अपील की कि स्कूल में लगे अग्निशमन उपकरणों को हमेशा कार्यशील स्थिति में रखा जाए तथा समय-समय पर मॉक ड्रिल अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि “Practice makes a man perfect” के सिद्धांत पर कार्य करते हुए नियमित अभ्यास ही किसी भी आपदा से निपटने की सबसे बड़ी तैयारी है।
विद्यालय प्रबंधन ने फायर स्टेशन रुड़की की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जनजागरण कार्यक्रम समाज में सुरक्षा के प्रति नई जागरूकता पैदा करते हैं और छात्राओं को आत्मविश्वास प्रदान करते हैं।



