नर सेवा ही नारायण सेवा के संकल्प के साथ ‘श्री गुरु कृपा अपना घर’ के शुभारंभ की तैयारियां तेज, मुख्यमंत्री सहित कई गणमान्य अतिथियों को दिया गया निमंत्रण


हरिद्वार(कमल शर्मा)ऋषिकेश रोड स्थित हरिपुर कलां, जिला देहरादून में निराश्रित बुजुर्गों एवं बच्चों के लिए स्थापित किए जा रहे ‘श्री गुरु कृपा अपना घर’ के शुभारंभ की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। श्री हरिदर्शन सेवा समिति ट्रस्ट (पंजीकृत) द्वारा संचालित इस सेवा प्रकल्प के संस्थापक एवं अध्यक्ष के. के. अग्रवाल (बापू जी) समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के संकल्प के साथ इस आश्रय स्थल की शुरुआत कर रहे हैं। संस्था का ध्येय वाक्य “नर सेवा ही नारायण सेवा” है।
इसी क्रम में ट्रस्ट के अध्यक्ष के. के. अग्रवाल ने उत्तराखण्ड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं ट्रस्ट के संरक्षक सुबोध उनियाल को उनके कार्यालय पहुंचकर ‘श्री गुरु कृपा अपना घर’ के शुभारंभ समारोह का निमंत्रण प्रदान किया। इसके अलावा प्रदेश कार्यालय मंत्री जगमोहन जी को भी समारोह में शामिल होने हेतु आमंत्रित किया गया।
हरिद्वार स्थित निष्काम सेवा सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान के. के. अग्रवाल ने उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी ‘श्री गुरु कृपा अपना घर’ के उद्घाटन समारोह का निमंत्रण पत्र सौंपा। वहीं पूर्व मंत्री, विधायक एवं श्री हरिदर्शन सेवा समिति ट्रस्ट के मार्गदर्शक स्वामी यतीश्वरानंद जी महाराज को भी सादर आमंत्रित किया गया।
इस अवसर पर के. के. अग्रवाल (बापू जी) ने कहा कि “समाज के निराश्रित बुजुर्गों और असहाय बच्चों को सम्मानपूर्ण जीवन उपलब्ध कराना ही हमारी सबसे बड़ी साधना है। ‘श्री गुरु कृपा अपना घर’ केवल एक आश्रय स्थल नहीं, बल्कि सेवा, संवेदना और संस्कारों का परिवार बनेगा। हमारा प्रयास है कि यहां रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति को अपनापन, सुरक्षा और सम्मान मिले।”
उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग और संत-महात्माओं तथा जनप्रतिनिधियों के आशीर्वाद से यह सेवा अभियान आगे बढ़ेगा और जरूरतमंदों के जीवन में नई आशा का संचार करेगा। ‘श्री गुरु कृपा अपना घर’ का शुभारंभ क्षेत्र में सेवा और मानवता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *