भ्रष्टाचार के खिलाफ अब आर-पार की लड़ाई
हरिद्वार। एनएचआर भ्रष्टाचार एवं न्याय नियंत्रण संगठन की एक महत्वपूर्ण ऑफलाइन बैठक दिनांक 10 मई 2026 को आयोजित की गई, जिसमें भ्रष्टाचार के बढ़ते मामलों, मानव अधिकारों के हनन, नशा मुक्ति अभियान तथा गरीब एवं असहाय लोगों की सहायता जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में संगठन विस्तार को लेकर भी रणनीति तैयार की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए संगठन के सक्रिय सदस्य श्री मुकेश कुमार फौजी ने कहा कि “भ्रष्टाचार समाज को अंदर से खोखला कर रहा है। संगठन अब भ्रष्टाचार के खिलाफ कानूनी स्तर पर मजबूत कार्रवाई करेगा और पीड़ित लोगों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। साथ ही नशा मुक्ति और मानव सेवा के कार्यों को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।”
बैठक में भ्रष्टाचार से संबंधित प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर भी गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया तथा जरूरतमंद और उत्पीड़ित लोगों की सहायता के लिए विशेष अभियान चलाने पर सहमति बनी।
इस दौरान उपस्थित सदस्यों ने संगठन को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।
बैठक में प्रमुख रूप से श्री मुकेश Kumar, श्री रामेश्वर प्रसाद, मंजू बालियान, एडवोकेट दीक्षा सिंह, ललिता, श्री वरुण कुमार सैनी, श्री विपिन कुमार, श्री एसके वर्मा जी, अंकुर सैनी सहित कई अन्य साथी उपस्थित रहे।
बैठक में जिन प्रमुख विषयों पर चर्चा हुई उनमें भ्रष्टाचार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई, मानव अधिकारों का हनन, गरीब एवं असहाय लोगों की मदद तथा संगठन विस्तार के मुद्दे प्रमुख रहे।
“भ्रष्टाचारियों की अब खैर नहीं, न्याय के लिए सड़क से कानून तक लड़ेगा संगठन : मुकेश कुमार फौजी”



