हरिद्वार, (कमल शर्मा)। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) के सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास आवंटन की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से लॉटरी सिस्टम के माध्यम से संपन्न की गई। इस दौरान 50 लाभार्थियों को सलेमपुर-रोशनाबाद स्थित आवासीय परियोजना में उनके आवासों का आवंटन किया गया।
लॉटरी ड्रा के माध्यम से 50 आवंटियों को उनके आवासों के नंबर आवंटित किए गए। आवास विभिन्न तल (फ्लोर) पर स्थित हैं और सभी लाभार्थियों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के तहत आवास संख्या प्रदान की गई। लॉटरी परिणाम घोषित होते ही लाभार्थियों के चेहरों पर अपने सपनों के घर की खुशी साफ झलकने लगी।
इस अवसर पर हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के सचिव प्रत्यूष सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आवास आवंटन की पूरी प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई है।
कार्यक्रम के दौरान अधीक्षण अभियंता राजन सिंह, सहायक अभियंता प्रशांत कुमार सेमवाल, प्रशासनिक अधिकारी सुरेश कुमार, लेखपाल प्रवीन सिंह, मानचित्रकार जगदीश जोशी, कंप्यूटर टाइपिस्ट अभिषेक यादव तथा लिपिक संदीप जोशी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
लाभार्थियों ने आवास आवंटन प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना को आमजन के लिए एक महत्वपूर्ण और जनकल्याणकारी पहल बताया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों की खुली लॉटरी, 50 परिवारों को मिला अपने आशियाने का पता




