14 अगस्त को देशभर में जलेंगी ‘शहीदों के नाम एक मोमबत्ती’, रिफ्यूजी शब्द पर सख्त कानून की मांग उठाएगा समाज : प्रवीण सेठी


10 लाख बलिदानों को नमन, 14 अगस्त को पंजाबी समाज मनाएगा काला दिवस

हरिद्वार। पंजाबी समाज के राष्ट्रीय संयोजक प्रवीण सेठी ने कहा कि 14 अगस्त को देशभर का पंजाबी समाज 1947 के विभाजन के दौरान शहीद हुए लाखों पंजाबी एवं सिख समाज के लोगों की स्मृति में काला दिवस मनाएगा। इस अवसर पर शुक्रवार शाम 6 बजे सार्वजनिक स्थलों, मंदिरों, गुरुद्वारों तथा अपने घरों के बाहर ‘शहीदों के नाम एक मोमबत्ती’ जलाकर अपने पूर्वजों एवं शहीद आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
प्रवीण सेठी ने कहा कि 14 अगस्त 1947 की वह काली रात पंजाबी समाज के लिए कभी न भूलने वाला दर्द लेकर आई थी। विभाजन के दौरान माताओं ने अपने लाल, बहनों ने अपने भाई और बच्चों ने अपने परिवार खोए। हजारों-लाखों परिवार उजड़ गए और असंख्य लोगों ने अपनी जान गंवाई। उन्होंने कहा कि उन सभी बलिदानियों को नमन करना पूरे पंजाबी समाज का कर्तव्य है।
उन्होंने बताया कि स्वर्गीय श्री रामप्रकाश सेठी जी के आग्रह पर पिछले करीब 15 वर्षों से देशभर में 14 अगस्त को मोमबत्ती जलाकर विभाजन के शहीदों को श्रद्धांजलि देने का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने देशभर के पंजाबी समाज से इस वर्ष भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया।
‘शहीद होने के बाद भी रिफ्यूजी कहलाना राष्ट्रीय शर्म’
प्रवीण सेठी ने कहा कि विभाजन के दौरान 10 लाख से अधिक पंजाबी समाज के लोगों के शहीद होने के बावजूद आज भी पंजाबी समाज के लोगों को ‘रिफ्यूजी’ कहे जाने की मानसिकता दुखद और शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि यह केवल पंजाबी समाज का नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के सम्मान से जुड़ा विषय है।
उन्होंने बताया कि पंजाबी समाज का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर ‘रिफ्यूजी’ शब्द के दुरुपयोग पर रोक लगाने तथा इसके लिए सख्त कानून बनाने की मांग करेगा।
उन्होंने कहा कि 14 अगस्त को देशभर में मोमबत्ती जलाकर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ रिफ्यूजी कानून की मांग को भी जोर-शोर से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के रूप में घोषित किया जाना पंजाबी समाज के बलिदान और पीड़ा को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
19-20 सितंबर को मेरठ में होगा राष्ट्रीय महासम्मेलन
प्रवीण सेठी ने बताया कि पंजाबी समाज की एकता और विभिन्न मांगों को लेकर 19 और 20 सितंबर को मेरठ में दो दिवसीय राष्ट्रीय महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने देशभर के पंजाबी समाज से एकजुट होकर अपने पूर्वजों के बलिदान को याद करने और समाज के सम्मान एवं अधिकारों की आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *