रानीपुर विधानसभा से भाजपा टिकट की दावेदारी में संजीव चौधरी ने ठोकी ताल, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी को सौंपा आवेदन

संगठन में लंबे अनुभव और विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी निभाने का हवाला देकर रानीपुर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने की रखी मांग

हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा सीट से आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का प्रत्याशी बनने के लिए पार्टी के जिला महामंत्री एवं राष्ट्रीय व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी ने अपनी दावेदारी पेश कर दी है। उन्होंने राज्यसभा सांसद आदरणीय कल्पना सैनी को आवेदन सौंपकर रानीपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने का अनुरोध किया।
संजीव चौधरी ने अपनी दावेदारी के समर्थन में संगठन के भीतर लंबे राजनीतिक अनुभव, पार्टी के प्रति समर्पण और विभिन्न संगठनात्मक एवं सामाजिक जिम्मेदारियों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 1999 से लगातार संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहते हुए उन्होंने विद्यार्थी परिषद, युवा मोर्चा, मजदूर मोर्चा और भाजपा में विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी निभाई है।
वर्तमान में संजीव चौधरी भाजपा हरिद्वार के जिला महामंत्री के साथ राष्ट्रीय व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इससे पूर्व वह एबीवीपी रानीपुर के प्रमुख, विश्व हिंदू परिषद धर्म प्रसार के जिला विभाग संयोजक, लघु उद्योग प्रकोष्ठ के मंडल महामंत्री एवं मंडल अध्यक्ष, युवा मोर्चा मंडल रानीपुर के अध्यक्ष, युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता एवं प्रदेश सदस्य तथा मजदूर मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके हैं। मजदूर

इसके अतिरिक्त वह उत्तराखंड शासन में जेल विजिटर के दायित्व का निर्वहन कर चुके हैं। वर्ष 2014 में हरिद्वार लोकसभा चुनाव में मीडिया प्रभारी तथा आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए विधानसभा प्रभारी की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं।
संजीव चौधरी ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया कि पार्टी और संगठन के आह्वान पर उन्होंने अनेक आंदोलनों में सक्रिय भागीदारी की, इस दौरान उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज हुए और कई बार जेल यात्राएं भी करनी पड़ीं। उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में पंजाब केसरी, शाह टाइम्स और रॉयल बुलेटिन जैसे समाचार पत्रों से भी जुड़कर कार्य किया है।
संजीव चौधरी का कहना है कि उन्होंने अपना पूरा राजनीतिक जीवन संगठन की मजबूती और पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने में लगाया है। अब वह रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी को और अधिक मजबूत करने तथा जनता की सेवा करने के उद्देश्य से चुनाव मैदान में उतरना चाहते हैं। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से अपने लंबे संगठनात्मक अनुभव और समर्पण को देखते हुए रानीपुर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने का अवसर देने की मांग की है।
रानीपुर विधानसभा में संजीव चौधरी की दावेदारी के साथ ही भाजपा के संभावित प्रत्याशियों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *