खनन माफिया फिर सक्रिय! आज रात बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन की आशंका

हरिद्वार, दिनांक: 19 जून 2026

मातृ सदन को विभिन्न विश्वसनीय स्थानीय सूत्रों से लगातार सूचनाएँ प्राप्त हो रही हैं कि आज रात्रि जनपद हरिद्वार के टांडा मेहतोली, नेहंदपुर तथा अन्य खनन क्षेत्रों में स्थित अनेक स्टोन क्रेशरों, जिनमें हाईवे स्टोन क्रेशर, लिमरा स्टोन क्रेशर, अवनी स्टोन क्रेशर सहित कई अन्य इकाइयाँ सम्मिलित हैं, द्वारा बड़े पैमाने पर अवैध खनन कराए जाने की तैयारी की जा चुकी है।

एक विश्वसनीय सूत्र ने यह भी जानकारी दी है कि दर्जनों जेसीबी एवं पोकलैंड मशीनें पहले से ही सड़कों पर खड़ी हैं तथा उन्हें खनन क्षेत्रों की ओर भेजा जा रहा है। प्राप्त सूचनाओं के अनुसार इस अवैध खनन के लिए शासन स्तर तक किसी प्रकार की “सेटिंग” किए जाने की चर्चाएँ भी क्षेत्र में व्यापक रूप से चल रही हैं।

मातृ सदन ने इस अत्यंत गंभीर सूचना से तत्काल जिलाधिकारी हरिद्वार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार, जिला खनन अधिकारी तथा संबंधित थाना प्रभारियों को अवगत करा दिया है। जिलाधिकारी महोदय को संदेश प्राप्त हो चुका है तथा उन्होंने उसे देखा भी है, किन्तु उन्होनें हमारा कॉल रिसीव नहीं किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भी स्वयं फ़ोन नहीं उठाया, उनके पी.आर.ओ. को इस संबंध में सूचना दे दी गई है।

अब जबकि समस्त सक्षम अधिकारियों को पूर्व सूचना दी जा चुकी है, यदि आज रात्रि अथवा आगामी घंटों में उक्त क्षेत्रों में अवैध खनन होता है, तो यह मानने के पर्याप्त आधार उत्पन्न होंगे कि संबंधित विभागों एवं जनपद के उच्च अधिकारियों की जानकारी के बिना यह कार्य संभव नहीं था। ऐसी स्थिति में प्रशासनिक तंत्र की निष्क्रियता, मिलीभगत अथवा संरक्षण को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े होंगे, जिनका उत्तर जनता और न्यायालय दोनों के समक्ष देना पड़ेगा।

मातृ सदन स्पष्ट करना चाहता है कि नदियों के विनाश व पर्यावरणीय कानूनों के खुले उल्लंघन तथा खनन माफियाओं के संरक्षण को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि प्राप्त सूचनाएँ सत्य सिद्ध होती हैं और अवैध खनन होता है, तो मातृ सदन इस विषय को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए जनआंदोलन, न्यायिक कार्यवाही तथा अन्य वैधानिक उपायों के माध्यम से कठोर प्रतिरोध करेगा।

प्रशासन के पास अभी भी अवसर है कि वह तत्काल प्रभाव से सभी संवेदनशील क्षेत्रों में सघन निगरानी स्थापित करे, मशीनों को जब्त करे तथा अवैध खनन के किसी भी प्रयास को विफल बनाए।

— मातृ सदन, हरिद्वार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *