सीएम धामी के हरिद्वार दौरे पर मातृ सदन का हमला, VIP काफिला हटाने और गौवंश को तत्काल मुक्त करने की मांग



हरिद्वार(कमल शर्मा)मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हरिद्वार दौरे को लेकर मातृ सदन ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। विज्ञप्ति में आरोप लगाया गया है कि मुख्यमंत्री के वीआईपी काफिले के कारण परम पूज्य श्री गुरुदेव जी को लेकर जा रही मातृ सदन की गाड़ी लगभग आधे घंटे तक ट्रैफिक जाम में फंसी रही, जिससे आवश्यक कार्य प्रभावित हुए।
मातृ सदन ने मुख्यमंत्री के लगातार हरिद्वार दौरों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि वे आम के बाग का निरीक्षण कर रहे हैं, तो उन्हें सरकारी अस्पताल और नव-निर्मित कॉलेज की स्थिति का भी जायजा लेना चाहिए। विज्ञप्ति में आरोप लगाया गया है कि इन सरकारी संस्थानों की हालत निर्माण गुणवत्ता और जनधन के उपयोग पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है।
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी दावा किया गया है कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान जगजीतपुर क्षेत्र में नगर निगम द्वारा खुले में घूम रहे गौवंश को पकड़कर बैरागी कैंप में रखा गया, जहाँ वे तेज धूप में खड़े रहे। मातृ सदन ने इसे गौ संरक्षण के दावों के विपरीत बताते हुए तत्काल गौवंश को मुक्त करने की मांग की है।
मातृ सदन ने मुख्यमंत्री से वीआईपी संस्कृति समाप्त कर एक सामान्य नागरिक की तरह यात्रा करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन जनहित में विरोध प्रदर्शन शुरू करने को बाध्य होगा।
उल्लेखनीय है कि यह सभी आरोप और मांगें मातृ सदन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में व्यक्त किए गए हैं। इस संबंध में शासन अथवा जिला प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *