रेक्टम और किडनी में बड़े ट्यूमर से जूझ रहे मरीज का चरणबद्ध सर्जरी से सफल उपचार, डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम ने बचाई जान
हरिद्वार, 22 जुलाई (कमल शर्मा)। मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, देहरादून के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने चिकित्सा क्षेत्र में एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए 58 वर्षीय मरीज का दुर्लभ और अत्यंत जटिल ट्यूमर का सफल इलाज कर उसे नया जीवन दिया। कोटद्वार निवासी श्री दिनेश सिंह नेगी लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनकी हालत इतनी नाजुक थी कि उन्हें लगभग 25 दिनों तक एक अन्य अस्पताल के आईसीयू में भर्ती रहना पड़ा, लेकिन बीमारी की सही वजह का पता नहीं चल सका।
मैक्स हॉस्पिटल पहुंचने पर सीनियर कंसल्टेंट एवं सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ तिवारी और उनकी विशेषज्ञ टीम ने विस्तृत जांच के बाद पाया कि मरीज की गंभीर स्थिति का मुख्य कारण मलाशय (रेक्टम) में मौजूद बड़ा ट्यूमर है। इसके साथ ही दाईं किडनी में भी एक अलग बड़ा ट्यूमर पाया गया। मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए विशेषज्ञों ने पहले उन्हें हाई-प्रोटीन डाइट, इलेक्ट्रोलाइट्स संतुलित करने और अन्य आवश्यक उपचार देकर सर्जरी के लिए तैयार किया।
करीब पांच दिन की तैयारी के बाद डॉक्टरों ने रेक्टम के ट्यूमर का सफल ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के महज दो-तीन दिन बाद मरीज की स्थिति में तेजी से सुधार होने लगा। उनका ब्लड प्रेशर सामान्य हो गया, दस्त पूरी तरह बंद हो गए और उन्हें आईसीयू से वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया। एक सप्ताह बाद उन्हें स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
इसके बाद पुनर्वास और बेहतर पोषण के माध्यम से मरीज को पूरी तरह स्वस्थ किया गया और कुछ महीनों बाद उनकी दाईं किडनी में मौजूद बड़े ट्यूमर का भी सफल ऑपरेशन किया गया। दूसरी सर्जरी भी पूरी तरह सफल रही और मरीज को आठ दिन बाद स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वर्तमान में श्री दिनेश सिंह नेगी अपने पैतृक गांव में परिवार के साथ सामान्य और स्वस्थ जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
डॉ. सौरभ तिवारी ने बताया कि यह मामला केवल चुनौतीपूर्ण सर्जरी का नहीं, बल्कि सही समय पर बीमारी की सटीक पहचान का भी था। उन्होंने कहा कि दोनों सर्जरी एक साथ करने के बजाय चरणबद्ध उपचार की रणनीति अपनाई गई, जिससे मरीज की जान बचाई जा सकी। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों के समन्वित प्रयास और वैज्ञानिक चिकित्सा पद्धति से अत्यंत गंभीर मरीजों का भी सफल इलाज संभव है।
मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, देहरादून ने इस सफलता के साथ एक बार फिर जटिल गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल और ट्यूमर संबंधी बीमारियों के उपचार में अपनी उन्नत सर्जिकल विशेषज्ञता और उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं का परिचय दिया।









