रुड़की/(कमल शर्मा) हरिद्वार की राजनीति में एक नई शुरुआत करते हुए खानपुर विधायक उमेश कुमार की धर्मपत्नी श्रीमती सोनिया शर्मा ने अपनी नई राजनीतिक पार्टी “जन निर्माण पार्टी” के गठन की औपचारिक घोषणा करने का निर्णय लिया है। पार्टी का नारा “जनता का संकल्प, नए भविष्य का निर्माण” रखा गया है। हर की पैड़ी, हरिद्वार से जारी किए गए पार्टी के घोषणा-पत्र में प्रदेश के विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण और भ्रष्टाचार मुक्त शासन को प्राथमिकता दी गई है।
इस अवसर पर श्रीमती सोनिया शर्मा ने कहा, “जन निर्माण पार्टी किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि उत्तराखंड की जनता की पार्टी है। हमारा उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को सम्मान, सुरक्षा, रोजगार और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। हमने जो संकल्प पत्र तैयार किया है, उसे शत-प्रतिशत लागू करना हमारी गारंटी होगी। राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा और जनविश्वास को मजबूत करने का संकल्प है।”
उन्होंने कहा कि राज्य गठन से पहले के मूल निवास और जाति प्रमाण पत्र से जुड़े मुद्दों का समाधान, युवाओं को रोजगार, महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण, किसानों को राहत, मुफ्त बिजली और गैस सिलेंडर जैसी जनहितकारी योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
घोषणा-पत्र में प्रत्येक परिवार को साल में छह मुफ्त गैस सिलेंडर, 250 यूनिट मुफ्त बिजली, दो लाख रुपये तक के पुराने ऋण माफी, शिक्षित बेरोजगार युवाओं को प्रतिमाह पांच हजार रुपये भत्ता, महिलाओं के खातों में तीन हजार रुपये सम्मान निधि, किसानों के लिए पांच लाख रुपये तक का ऋण माफ करने तथा कृषि कार्यों के लिए मुफ्त बिजली जैसी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं शामिल की गई हैं।
इसके अलावा शिक्षा के क्षेत्र में प्रत्येक विधानसभा में कन्या इंटर कॉलेज और डिग्री कॉलेज, स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, मुफ्त आईआईटी-नीट कोचिंग, विद्यार्थियों को लैपटॉप और आधुनिक पुस्तकालय स्थापित करने का वादा किया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए मोहल्ला क्लीनिक, आयुष्मान योजना की राशि दोगुनी करने और निजी अस्पतालों की दरों को नियंत्रित करने की बात कही गई है।
श्रीमती सोनिया शर्मा ने कहा कि “जन निर्माण पार्टी उत्तराखंड को भ्रष्टाचार मुक्त, आत्मनिर्भर और खुशहाल राज्य बनाने के लिए समर्पित है। हमारा संकल्प केवल वादे करना नहीं, बल्कि जनता के विश्वास के अनुरूप उन्हें धरातल पर उतारना है।”
राजनीतिक जानकारों के अनुसार जन निर्माण पार्टी के गठन से उत्तराखंड की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना बढ़ गई है और आगामी चुनावों में यह पार्टी एक नई ताकत के रूप में उभर सकती है।
जन निर्माण पार्टी का उत्तराखंड में बड़ा सियासी आगाज़, सोनिया शर्मा बोलीं – “जनता का संकल्प, नए भविष्य का निर्माण हमारा लक्ष्य”




