कमल शर्मा (हरिहर समाचार)
हरिद्वार। रविवार देर रात मोतीचूर फ्लाईओवर पर भीषण सड़क हादसा हो गया। पांच वाहनों की आपस में जोरदार भिड़ंत के बाद आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बस, कार, ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रक पूरी तरह जल गए, जबकि एक XUV कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार 8 मार्च 2026 को रात करीब 9:45 बजे मोतीचूर फ्लाईओवर पर वाहनों की टक्कर के बाद आग लगने की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन मायापुर से तीन फायर यूनिट तत्काल मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए फायर स्टेशन ऋषिकेश और लालतप्पड़ की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया।
दमकल कर्मियों ने फोम का इस्तेमाल कर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। हादसे के दौरान एक महिला का आधा शरीर ट्रक के नीचे फंस गया था। काफी मशक्कत के बाद क्रेन और जेसीबी की मदद से महिला के शव को बाहर निकाला गया।
हादसे के कारण फ्लाईओवर पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फिलहाल हादसे के कारण, कुल नुकसान और घायलों व मृतकों की संख्या को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। मौके पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी हरिद्वार और अग्निशमन अधिकारी मायापुर भी मौजूद रहे और राहत-बचाव कार्य की निगरानी करते रहे।
मोतीचूर फ्लाईओवर पर भीषण हादसा: 5 वाहनों की टक्कर के बाद लगी आग, बस-ट्रक समेत कई वाहन जले, महिला की दर्दनाक मौत



