योग से तन-मन निरोग, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व रुड़की में शुरू हुआ 11 दिवसीय योग शिविर : आर्य हरपाल सिंह सैनी

योग ही स्वस्थ जीवन का आधार, हर व्यक्ति को अपनानी चाहिए योग की दिनचर्या : योगाचार्य राम कुमार

रुड़की(कमल शर्मा)अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आर्य समाज नंद विहार रुड़की एवं शहीद भगत सिंह आदर्श युवा मंच रुड़की के संयुक्त तत्वावधान में 11 दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में योग प्रेमियों ने भाग लेकर स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति अपनी जागरूकता का परिचय दिया।
शिविर में योगाचार्य श्री राम कुमार ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि “योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से शरीर निरोग रहता है तथा मानसिक तनाव दूर होता है।”
कार्यक्रम के दौरान आर्य समाज के प्रधान आर्य हरपाल सिंह सैनी ने कहा कि “योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित यह शिविर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।”
शिविर में मुख्य रूप से भाजपा उत्तराखंड की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी, अशोक सैनी, लक्ष्मी चंद, सविता, नीरज सैनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं योग साधक उपस्थित रहे। सभी ने योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेते हुए नियमित योगाभ्यास करने का आह्वान किया।

नीरज सैनी ने बताया कि 11 दिवसीय इस योग शिविर में प्रतिदिन विभिन्न योग क्रियाओं, प्राणायाम तथा स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *