देश की एकता और अखंडता के शिल्पकार को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, 562 रियासतों के एकीकरण में योगदान को किया याद
हरिद्वार (कमल शर्मा)। मानवाधिकार ब्यूरो उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा नेता अधिवक्ता नवीन कुमार जैन के तत्वावधान में देश के प्रथम उपप्रधानमंत्री एवं पूर्व गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित जयंती समारोह में उपस्थित लोगों ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर पुष्पांजलि दी और उनके महान व्यक्तित्व एवं राष्ट्र के प्रति अतुलनीय योगदान को याद करते हुए कोटि-कोटि नमन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए अधिवक्ता नवीन कुमार जैन ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन त्याग, समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रसेवा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने स्वतंत्रता के बाद देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए ऐतिहासिक भूमिका निभाई। 562 रियासतों का भारतीय संघ में एकीकरण कर उन्होंने अखंड भारत की नींव को मजबूत किया। उनके महान कार्यों और राष्ट्र के प्रति योगदान के लिए उन्हें मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया। देश की जनता ने उन्हें लौह पुरुष और सरदार की उपाधि देकर उनके प्रति अपना सम्मान प्रकट किया।
इस अवसर पर आर्य समाज के जिलाध्यक्ष हरपाल सिंह सैनी आर्य ने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई से लेकर स्वतंत्र भारत के निर्माण तक सरदार पटेल का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने अपनी दूरदर्शिता, दृढ़ संकल्प और कुशल नेतृत्व से देशी रियासतों को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता रहेगा।
अधिवक्ता रामगोपाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गुजरात में नर्मदा नदी के तट पर सरदार पटेल की स्मृति में विश्वविख्यात स्टेच्यू ऑफ यूनिटी की स्थापना कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के सपनों के सशक्त और एकजुट भारत के निर्माण के लिए हम सभी को विकसित भारत-2047 के संकल्प को मजबूत करने में अपना योगदान देना चाहिए।
समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने ‘लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल अमर रहें’, ‘देश के शहीद अमर रहें’ के नारों के साथ भारत माता के जयकारे लगाए। पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम के भाव से गूंज उठा।
इस अवसर पर नीरज कपिल, पूर्व बार एसोसिएशन उपाध्यक्ष अधिवक्ता सुनील कुमार गोयल, अधिवक्ता सचिन गोंडवाल, मदन श्रीवास्तव, श्रवण कुमार, मंडल मंत्री अमित सिंघल, अशोक कुमार, अनुज आत्रेय, राजेश वर्मा, अभिनव गोयल, मयंक धीमान, ब्रजेश सैनी, ऋषिपाल बर्मन, कन्हैया ठाकुर, सोनू गुज्जर, मयंक, राकेश, जितेंद्र सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
लौह पुरुष सरदार पटेल की जयंती पर गूंजे जयकारे, नवीन कुमार जैन ने पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन













