किसानों की समस्याओं को लेकर सोमदत्त शर्मा और प्रियव्रत की अहम मुलाकात, समाधान के लिए संघर्ष तेज करने पर जोर

किसानों की समस्याओं पर सोमदत्त शर्मा और प्रियव्रत की अहम मुलाकात

देहरादून। भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोमदत्त शर्मा के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित कार्यालय पर किसानों की विभिन्न समस्याओं एवं उनके समाधान को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता, विश्व दलित परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन के राष्ट्रीय सलाहकार प्रियव्रत ने भेंट की। इस दौरान किसानों की मौजूदा चुनौतियों, कृषि क्षेत्र से जुड़े मुद्दों तथा किसानों की आवाज को मजबूती से उठाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पवन चौहान, प्रदेश सलाहकार मास्टर गजेंद्र, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश चंद्र चौहान सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष सोमदत्त शर्मा ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन आज भी किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य, सिंचाई, बिजली, खाद-बीज और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन किसानों की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाता रहेगा और शासन-प्रशासन के समक्ष किसानों की मांगों को मजबूती से रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसान हितों की रक्षा के साथ-साथ किसानों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
प्रियव्रत ने कहा कि किसानों की समस्याएं केवल किसी एक वर्ग की समस्या नहीं हैं, बल्कि इसका सीधा संबंध देश की अर्थव्यवस्था और आम जनता से है। उन्होंने कहा कि किसान को उसकी मेहनत का सम्मान और फसल का उचित मूल्य मिलना चाहिए। किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठित प्रयास जरूरी हैं और वह किसान हितों की आवाज को हर स्तर पर मजबूती से उठाते रहेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष पवन चौहान ने कहा कि किसानों को स्थानीय स्तर पर अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। संगठन इन समस्याओं को चिन्हित कर संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाएगा और समाधान होने तक संघर्ष जारी रखा जाएगा।
प्रदेश सलाहकार मास्टर गजेंद्र ने कहा कि किसानों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करते हुए किसानों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश चंद्र चौहान ने कहा कि किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने के लिए संगठन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसान हित में सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्य करेंगे।
बैठक के दौरान किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए भविष्य में किसान हित में आंदोलन एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों को गति देने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *