हरिद्वार में विशेष स्वच्छता अभियान तेज, नगर आयुक्त नंदन कुमार IAS ने भगत सिंह चौक का किया निरीक्षण

हरिद्वार में विशेष स्वच्छता अभियान तेज, नगर आयुक्त नंदन कुमार IAS ने भगत सिंह चौक का किया निरीक्षण

हरिद्वार: नगर निगम हरिद्वार द्वारा मानसून सीजन समाप्त होने के बाद पूरे नगर क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत नगर आयुक्त नंदन कुमार (IAS) ने सोमवार को भगत सिंह चौक का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने भगत सिंह चौक और आसपास के क्षेत्रों में सफाई कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद खरपतवार, झाड़ियों और अनावश्यक वनस्पतियों को हटाने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके। सफाई कर्मचारियों द्वारा अभियान के तहत झाड़ियों की कटाई और सफाई कार्य भी कराया गया।

नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि मानसून के दौरान कई स्थानों पर खरपतवार और गंदगी जमा हो जाती है। इसे देखते हुए नगर निगम पूरे नगर क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चला रहा है, जिसके तहत प्रमुख चौराहों, सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और नालियों की व्यापक सफाई कराई जा रही है। साथ ही जहां नालों के स्लैब टूटे हुए हैं उन्हें भी बदलने के लिए भी निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने संबंधित मुख्य सफाई निरीक्षक और सफाई निरीक्षकों को निर्देश दिए कि सफाई अभियान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक क्षेत्र में नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।

नगर निगम का कहना है कि यह विशेष स्वच्छता अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा, ताकि हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर बनाने के लक्ष्य को गति मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *