75वें पावन जन्मोत्सव के भव्य आयोजन को लेकर हरिद्वार में उत्साह, 20-21 सितंबर को ऋषिकुल मैदान में उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब


हरिद्वार (कमल शर्मा)। प्रेम, मानवता और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देने वाले कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल जी महाराज का 75वां पावन जन्मोत्सव हरिद्वार में श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। आगामी 20 एवं 21 सितंबर 2026 को ऋषिकुल कॉलेज मैदान, हरिद्वार में दो दिवसीय भव्य जन्मोत्सव समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम दोनों दिन सायं 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक चलेगा।
इस अवसर पर देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, अनुयायियों एवं संत-महात्माओं के पहुंचने की संभावना है। प्रेमनगर आश्रम, ज्वालापुर रोड, हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल जी महाराज ने कहा कि जन्मोत्सव केवल व्यक्तिगत उत्सव नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, सेवा, सद्भाव, आध्यात्मिक चेतना और मानव कल्याण की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति सदैव मानव सेवा और परोपकार का संदेश देती आई है और हमें इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए समाज एवं राष्ट्र के हित में कार्य करना चाहिए।
उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे जन्मोत्सव समारोह में सहभागी बनकर आध्यात्मिक संदेश को आत्मसात करें और समाज में सेवा, संस्कार एवं सद्भाव की भावना को मजबूत करने का संकल्प लें।
दो दिवसीय समारोह को लेकर हरिद्वार के श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह है। आयोजकों द्वारा कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं भव्य बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। ऋषिकुल कॉलेज मैदान में आयोजित होने वाला यह समारोह आध्यात्मिक वातावरण और भक्ति की भावना से सराबोर रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *