रक्षा बंधन पर मानवता की मिसाल: सत्य साईं समिति ने कुष्ठ आश्रम में बांटी खुशियों की राखी



हरिद्वार। रक्षा बंधन के पावन पर्व पर श्री सत्य साईं सेवा समिति हरिद्वार की ओर से सेवा, स्नेह और अपनत्व की अनूठी मिसाल पेश की गई। समिति द्वारा रविवार प्रातः विवेकानंद कुष्ठ आश्रम, लालजी वाला, हरिद्वार में विशेष नारायण सेवा का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर आश्रम में रहने वाले बच्चों को राखी, फल, मिष्ठान, बिस्किट एवं टॉफियां वितरित की गईं। वहीं कुष्ठ रोगियों को वस्त्र भी प्रदान किए गए। सेवा कार्य के दौरान आश्रम परिसर में रक्षाबंधन पर्व को लेकर विशेष उत्साह और प्रसन्नता का माहौल दिखाई दिया।
समिति के सदस्यों ने सभी बच्चों एवं आश्रमवासियों को रक्षा बंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सेवा के इस आयोजन ने पर्व की खुशियों को समाज के जरूरतमंद वर्ग तक पहुंचाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में श्री सत्य साईं सेवा समिति के चार सदस्यों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए सेवा कार्य में सहभागिता की। समिति का कहना है कि सेवा और मानवता के कार्यों के माध्यम से समाज में प्रेम, करुणा और भाईचारे की भावना को मजबूत करना ही संस्था का उद्देश्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *