हरिद्वार(कमल शर्मा)लोक निर्माण विभाग, देवपुरा हरिद्वार में इंजीनियर चंद्र लाल भारती के साथ पिछले दिनों हुई अभद्रता के विरोध में अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा किया जा रहा कार्य बहिष्कार शनिवार को समाप्त कर दिया गया। पुलिस द्वारा मामले में कुछ अज्ञात लोगों की गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद कर्मचारियों में भरोसा बढ़ा।
शनिवार को दोपहर करीब 2 बजे अधिशासी अभियंता श्री योगेश कुमार ने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ वार्ता की। उन्होंने कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सभी लोग निश्चिंत रहें, वह पूरी तरह उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि इंजीनियर के साथ हुई अनैतिक एवं अभद्र घटना को गंभीरता से लेते हुए इस संबंध में उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया जाएगा।
अधिशासी अभियंता ने कुंभ कार्यों की महत्ता को देखते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्य बहिष्कार समाप्त कर अपने दायित्वों पर लौटने का आग्रह किया। उनके आश्वासन के बाद लोक निर्माण विभाग के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार समाप्त कर दिया।
कार्य बहिष्कार समाप्त होने के दौरान विभाग का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि मामले में दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी और भविष्य में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ इस प्रकार की अभद्रता की पुनरावृत्ति नहीं होगी।
— डॉ. शांति रघुवंशी
इंजीनियर चंद्र लाल भारती से अभद्रता के विरोध में चल रहा कार्य बहिष्कार समाप्त, अधिशासी अभियंता ने दिया कार्रवाई का भरोसा













