हरिद्वार(कमल शर्मा)ॐ पुल घाट, हरिद्वार में सोमवार को भगवान शिव की प्रतिमा का भव्य अनावरण एवं शिव संध्या समारोह श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान शिव के दर्शन किए और भजन संध्या में भक्तिमय संगीत का आनंद लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्री स्वतंत्रदेव सिंह उपस्थित रहे। उनके द्वारा भगवान शिव की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। प्रतिमा अनावरण के बाद श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण को शिवमय कर दिया।

इस अवसर पर आयोजित शिव संध्या में शिव भक्तों ने भक्ति गीतों एवं भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। श्रद्धालु देर शाम तक भगवान शिव की भक्ति में लीन रहे। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं।

स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि भगवान शिव भारतीय सनातन संस्कृति में त्याग, तपस्या, करुणा और लोककल्याण के प्रतीक हैं। हरिद्वार जैसी पावन नगरी में भगवान शिव की प्रतिमा की स्थापना श्रद्धालुओं के लिए आस्था और प्रेरणा का केंद्र बनेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, संस्कार और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी संत-महात्माओं, अतिथियों, श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। शिव संध्या के समापन के साथ ही ॐ पुल घाट का वातावरण हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।













