पुरुषोत्तम मास में गोविन्द घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, कथा सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु

हरिद्वार। हरिद्वार के श्री गोविन्द घाट स्थित गोविन्दपुरी, रानीपुर मोड़ में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर आयोजित श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। 24 मई से प्रारंभ हुई इस दिव्य कथा में प्रतिदिन भक्तजन भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का रसपान कर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं l

कथा के तीसरे दिन कथा व्यास आचार्य महादेव भट्ट ने वराह अवतार, कपिल मुनि के ज्ञानमय उपदेश, ध्रुव चरित्र तथा सृष्टि की उत्पत्ति के प्रसंगों का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया गया। कथा वाचन के दौरान जैसे ही भगवान के वराह अवतार की महिमा और बालक ध्रुव की अटूट भक्ति का वर्णन हुआ, पूरा पंडाल भक्तिरस में डूब गया। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के साथ जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।वक्ता ने कहा कि ध्रुव चरित्र हमें कठिन परिस्थितियों में भी अडिग श्रद्धा और तपस्या का संदेश देता है, वहीं कपिल मुनि का उपदेश मानव जीवन को सत्य, भक्ति और ज्ञान के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित किया।


उन्होंने कहा कि जब-जब धरती पर अधर्म बढ़ता है, तब-तब भगवान विभिन्न रूपों में अवतरित होकर भक्तों की रक्षा करते हैं। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं केवल मनोरंजन नहीं बल्कि मानव जीवन को प्रेम, भक्ति और सेवा का संदेश देती हैं।
कथा के दौरान भजनों और मधुर संकीर्तन से पूरा पंडाल भक्तिमय वातावरण में डूब गया। श्रद्धालु “राधे-राधे” और “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष से झूम उठे।


कार्यक्रम में प्रतिदिन अपराह्न 4 बजे से सायं 7 बजे तक कथा का आयोजन किया जा रहा है। इससे पूर्व प्रातःकाल गणेशादि वेदी पूजन एवं कलश यात्रा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ था। कथा का समापन 30 मई को होगा जबकि 31 मई को यज्ञ पूर्णाहुति एवं विशाल प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर आयोजक मंडल “आप और हम व सभी भक्तगण” ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कथा में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *