चंबल के मेधावी युवा फिल्म निर्देशक शशांक डंडोतिया की नई फिल्म “तिनका” की घोषणा, अक्टूबर 2026 से शुरू होगी शूटिंग

मुरैना(कमल शर्मा)चंबल अंचल के प्रतिभाशाली युवा फिल्म निर्देशक शशांक डंडोतिया ने अपनी आगामी फिल्म “तिनका” की आधिकारिक घोषणा कर दी है। फिल्म की शूटिंग अक्टूबर 2026 में शुरू होगी। इससे पहले भी शशांक डंडोतिया एक फिल्म का निर्माण कर चुके हैं और लंबे समय से सिनेमा तथा कहानी कहने की कला से जुड़े हुए हैं।

फिल्म की घोषणा करते हुए शशांक डंडोतिया ने कहा कि पिछले कई वर्षों से फिल्में उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा रही हैं। उन्होंने हमेशा कहानियों को समझने, महसूस करने और उन्हें पर्दे पर जीवंत करने का प्रयास किया है। उनकी नई फिल्म “तिनका” भी इसी सोच का विस्तार है।

उन्होंने बताया कि “तिनका” साधारण लोगों, छोटे-छोटे सपनों और उस अदृश्य शक्ति की कहानी है, जिसे अक्सर समाज कमज़ोर समझ लेता है। यह फिल्म संघर्ष, उम्मीद और आत्मविश्वास के उन पहलुओं को उजागर करेगी जो आम लोगों के जीवन में रोज़ दिखाई देते हैं, लेकिन अक्सर अनदेखे रह जाते हैं।

शशांक डंडोतिया के अनुसार, यह केवल एक फिल्म नहीं बल्कि उनके लिए एक नई रचनात्मक यात्रा की शुरुआत है। फिल्म के माध्यम से वे एक ऐसी कहानी दर्शकों तक पहुंचाना चाहते हैं, जो उन्हें भावनात्मक रूप से जोड़ने के साथ-साथ प्रेरित भी करे।

चंबल और मुरैना क्षेत्र के युवाओं के लिए यह गर्व की बात है कि क्षेत्र का एक युवा निर्देशक राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। फिल्म “तिनका” की घोषणा के बाद क्षेत्र के कला और सिनेमा प्रेमियों में उत्साह का माहौल है और सभी को इसके अक्टूबर 2026 में शुरू होने वाले शूटिंग शेड्यूल का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *