सिद्धपीठ श्री बुड्ढी माता मंदिर में भाजपा मंडल मंत्री विकास गुप्ता ने टेका माथा, महंत दुलारी देवी ने मां की चुनरी ओढ़ाकर दिया आशीर्वाद
हरिद्वार (कमल शर्मा)। लक्सर रोड स्थित प्राचीन एवं सिद्धपीठ श्री बुड्ढी माता मंदिर में सप्तऋषि क्षेत्र से भाजपा मंडल मंत्री विकास गुप्ता माता के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने पहुंचे। इस अवसर पर मंदिर की महंत दुलारी देवी ने उन्हें मां की पवित्र चुनरी ओढ़ाकर आशीर्वाद दिया तथा उनके उज्ज्वल राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

श्री बुड्ढी माता मंदिर क्षेत्र की प्राचीन आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से की गई प्रार्थना को माता अवश्य स्वीकार करती हैं और भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। वर्षों से यह मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना हुआ है, जहां दूर-दूर से भक्त माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

मंदिर की महंत दुलारी देवी ने कहा कि, “मां बुड्ढी माता अपने भक्तों पर सदैव कृपा बनाए रखती हैं। जो भी श्रद्धा और विश्वास के साथ यहां आता है, माता उसे आशीर्वाद प्रदान करती हैं। विकास गुप्ता समाज सेवा और धार्मिक कार्यों से जुड़े हुए हैं। मां की कृपा से उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शक्ति और सफलता प्राप्त हो तथा वे जनसेवा के माध्यम से समाज के हित में निरंतर कार्य करते रहें।”

भाजपा मंडल मंत्री विकास गुप्ता ने कहा कि, “सिद्धपीठ श्री बुड्ढी माता मंदिर में आकर आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। मां का आशीर्वाद जीवन में नई प्रेरणा प्रदान करता है। मैं माता से प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि तथा सभी के कल्याण की कामना करता हूं। समाज और संगठन द्वारा दिए गए दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करना ही मेरा संकल्प है।”
मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन के दौरान श्रद्धालुओं में भी विशेष उत्साह दिखाई दिया। उपस्थित भक्तों ने मां बुड्ढी माता के जयकारों के साथ क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।




