मां काली के दरबार में भजनों की अमृतवर्षा, नए वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों से गूंजा मनोकामना सिद्ध बुड्ढी माता मंदिर


हरिद्वार (कमल शर्मा)। जगजीतपुर रोड स्थित ॐ मनोकामना सिद्ध मंदिर, श्री बुद्धी माता एवं श्री दक्षिणेश्वर काली माता मंदिर में प्रत्येक शनिवार की भांति इस शनिवार भी भक्ति और श्रद्धा का अनुपम संगम देखने को मिला। मां के दिव्य भजनों की मधुर स्वर लहरियों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।


विशेष आकर्षण यह रहा कि मथुरा से आए श्रद्धालु भक्तों ने हाल ही में खरीदे गए नए संगीत वाद्य यंत्रों के साथ मां के भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु देर तक भक्ति रस में सराबोर होकर झूमते रहे।
इस अवसर पर मंदिर की संत माता दुलारी देवी ने कहा कि मां की आराधना से मन को शांति, जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और हर संकट से लड़ने की शक्ति प्राप्त होती है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से नियमित रूप से भजन, कीर्तन और सत्संग में भाग लेकर अपने जीवन को आध्यात्मिकता से जोड़ने का आह्वान किया।


कार्यक्रम में शांति शर्मा, कृष्ण दास, जागरणकर्ता मनोज शर्मा एवं रितु देवी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि मां का दरबार सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करने वाला है। उन्होंने कहा कि सामूहिक भजन-कीर्तन से समाज में प्रेम, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का प्रसार होता है।


कार्यक्रम के अंत में मां की आरती के पश्चात सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित भक्तों ने मां के जयकारों के साथ भक्ति संध्या का आनंद लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *