अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टर संगीता राणा की पहल से हरिद्वार में फिटनेस को मिलेगा नया आयाम, महिला एवं पुरुषों को मिलेंगी आधुनिक जिम सुविधाएं


संगीता राणा चैंपियन जिम का भव्य शुभारंभ, डॉ. निशंक और विधायक आदेश चौहान ने किया उद्घाटन

हरिद्वार। शिवालिक नगर स्थित डी-59, डी क्लस्टर में अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टर एवं शीलू रौतेली अवार्ड से सम्मानित संगीता राणा की ओर से स्थापित संगीता राणा चैंपियन जिम (यूनिसेक्स जिम) का भव्य शुभारंभ हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। आधुनिक फिटनेस सुविधाओं से युक्त इस जिम के शुभारंभ अवसर पर पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं रानीपुर विधायक आदेश चौहान सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने कार्यक्रम में शिरकत कर संगीता राणा को नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दी


इस अवसर पर भूतपूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि वर्तमान समय में स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन का विशेष महत्व है। युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद, व्यायाम और शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाली संगीता राणा द्वारा जिम की स्थापना करना समाज में स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में सराहनीय पहल है। इस प्रकार के आधुनिक फिटनेस केंद्र युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।


रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि हरिद्वार क्षेत्र में आधुनिक फिटनेस सुविधाओं का विस्तार होना सुखद है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में नियमित व्यायाम और शारीरिक गतिविधियां प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का अभिन्न हिस्सा होनी चाहिए। संगीता राणा ने अपनी खेल प्रतिभा और उपलब्धियों के दम पर एक अलग पहचान बनाई है। उनका यह प्रयास युवाओं, महिलाओं और क्षेत्र के अन्य लोगों को स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


इस दौरान हरिद्वार के वरिष्ठ समाजसेवी एवं उद्योगपति श्री जगदीश लाल पाहवा ने कहा कि स्वस्थ शरीर और फिटनेस ही स्वस्थ जीवन का आधार हैं। जो व्यक्ति अपने शरीर को स्वस्थ और चुस्त-दुरुस्त रखता है, वह स्वयं भी बेहतर जीवन जीता है और स्वस्थ समाज के निर्माण में भी योगदान देता है। उन्होंने कहा कि आज विशेष रूप से महिलाओं, गृहणियों और माताओं-बहनों के लिए फिटनेस सुविधाओं तथा आधुनिक जिम उपकरणों की आवश्यकता है। महिलाओं को भी अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होकर नियमित व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब देश की मातृशक्ति और युवा पीढ़ी स्वस्थ होगी, तभी एक सशक्त एवं स्वस्थ भारत का निर्माण संभव होगा।


कार्यक्रम की आयोजक संगीता राणा ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चैंपियन जिम की स्थापना का मुख्य उद्देश्य महिला एवं पुरुष दोनों को बेहतर और आधुनिक फिटनेस सुविधाएं उपलब्ध कराना है। साथ ही लोगों को नियमित व्यायाम के लिए प्रेरित कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम का समापन उत्साह, उमंग और शुभकामनाओं के साथ हुआ। उपस्थित अतिथियों ने संगीता राणा के इस प्रयास की सराहना करते हुए जिम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *