कांशीराम साहब के विचार सामाजिक न्याय की लड़ाई में आज भी प्रासंगिक
हरिद्वार (कमल शर्मा)। जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण हरिद्वार के अनुसूचित जाति विभाग की ओर से बहुजन नायक एवं सामाजिक परिवर्तन के प्रखर नेता मान्यवर कांशीराम साहब की पुण्यतिथि पर जगजीतपुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा बहुजन समाज के अधिकारों, सामाजिक समानता और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए उनके योगदान को याद किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता, विश्व दलित परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन के राष्ट्रीय सलाहकार प्रियव्रत ने कहा कि मान्यवर कांशीराम साहब ने अपना संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई के लिए समर्पित किया। उन्होंने बहुजन समाज को जागरूक करने और उसे अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका संघर्ष और विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
प्रियव्रत ने कहा कि कांशीराम साहब का जीवन सामाजिक चेतना, संगठन और अधिकारों के प्रति जागरूकता का प्रतीक है। उन्होंने समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने तथा अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने की प्रेरणा दी। उनके विचारों को आत्मसात करते हुए सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने और समान अवसरों वाला समाज बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि महापुरुषों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके विचारों को व्यवहार में उतारकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, सम्मान और समानता पहुंचाने का प्रयास किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान कांशीराम साहब के योगदान का स्मरण करते हुए उपस्थित लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का आयोजन जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण हरिद्वार के अनुसूचित जाति विभाग की ओर से किया गया।
इस अवसर पर “मान्यवर कांशीराम साहब अमर रहें” के नारों के साथ उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।













