महंत गंगादास जी महाराज के सानिध्य में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया ब्रह्मलीन श्री हरिद्वारी दास जी का निर्वाण दिवस
हरिद्वार। नीलधारा स्थित प्राचीन श्री हरिहर उदासीन आश्रम ट्रस्ट, मछला कुण्ड में ब्रह्मलीन परम पूज्य श्री हरिद्वारी दास जी महाराज (गौरी घाट वाले बाबा) की 18वीं पुण्यतिथि (निर्वाण दिवस) श्रद्धा, भक्ति एवं संत परंपरा के अनुरूप मनाई गई। इस अवसर पर आश्रम में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें संत-महात्माओं, धर्मप्रेमियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर ब्रह्मलीन संत को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम आश्रम के महंत गंगादास जी महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ। संतों ने ब्रह्मलीन श्री हरिद्वारी दास जी महाराज के तप, त्याग, सेवा और आध्यात्मिक जीवन का स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर महंत गंगादास जी महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन श्री हरिद्वारी दास जी महाराज का संपूर्ण जीवन धर्म, अध्यात्म, संत सेवा और मानव कल्याण के लिए समर्पित रहा। गौरी घाट वाले बाबा ने अपने जीवन में भारतीय संत परंपरा और सनातन संस्कृति के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज को सदैव धर्म एवं सद्कर्मों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर बोलते हुए बाबा हठ योगी जी महाराज ने कहा कि संत महापुरुष कभी शरीर से हमारे बीच नहीं रहते, लेकिन उनके विचार, तपस्या और आध्यात्मिक संस्कार सदैव समाज का मार्गदर्शन करते रहते हैं। उनकी पुण्यतिथि हमें उनके बताए मार्ग पर चलने और धर्म एवं मानव सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दिलाती है।
महंत गंगादास जी महाराज ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संतों की स्मृति में आयोजित ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी गुरु-शिष्य परंपरा और आध्यात्मिक विरासत को मजबूत बनाते हैं।

कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे में संतों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने ब्रह्मलीन श्री हरिद्वारी दास जी महाराज को नमन करते हुए उनके बताए आध्यात्मिक मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।














