महर्षि कश्यप के जयकारों से गूंजा हरिद्वार, भव्यता के साथ संपन्न हुआ कश्यप समाज का 36वां वार्षिक सम्मेलन



हरिद्वार (कमल शर्मा)। श्री कश्यप समाज आश्रम समिति हरिद्वार की ओर से सृष्टि रचियता महर्षि कश्यप एवं सिद्ध कालू बाबा जी की पावन स्मृति में आयोजित 36वां वार्षिक सम्मेलन शुक्रवार को श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकजुटता के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। सम्मेलन में बड़ी संख्या में कश्यप समाज के लोग शामिल हुए। पूरा आयोजन महर्षि कश्यप एवं सिद्ध कालू बाबा जी के जयकारों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी बांग्ला बहादराबाद सुमित कश्यप ने किया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि डॉ. सुशील कुमार कश्यप रहे, जबकि अध्यक्षता प्रखर कश्यप ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सतीश कुमार एवं बी.एल. मेहरा ने सहभागिता की। वरिष्ठ संरक्षक श्री किरण पाल सिंह सहित समाज के गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम में पहुंचकर समाज को एकजुटता और विकास का संदेश दिया।


इस अवसर पर महर्षि कश्यप एवं सिद्ध कालू बाबा जी का विधिवत पूजन-अर्चन कर समाज की सुख-समृद्धि, उन्नति और खुशहाली की कामना की गई। सम्मेलन में समाज की एकता, शिक्षा, सामाजिक उत्थान, युवाओं की भागीदारी तथा नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
समाज के प्रधान बुद्ध सिंह ने कहा कि महर्षि कश्यप समाज की आस्था, संस्कृति और गौरव के प्रतीक हैं। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज को संगठित और मजबूत बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति आपसी भाईचारे, एकजुटता और शिक्षा के माध्यम से ही संभव है।


बुद्ध सिंह ने कहा कि आज समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को शिक्षा एवं संस्कारों से मजबूत बनाने का समय है। हमारा प्रयास है कि कश्यप समाज का प्रत्येक परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े और समाज के बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करें। उन्होंने कहा कि वार्षिक सम्मेलन समाज के लोगों को एक मंच पर लाने के साथ-साथ भविष्य की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण अवसर है।


मुख्य अतिथि डॉ. सुशील कुमार कश्यप ने कहा कि समाज की शक्ति उसकी एकता में निहित है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
अध्यक्ष प्रखर कश्यप ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज की संस्कृति, परंपरा और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि महर्षि कश्यप के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।


समाजसेवी सुमित कश्यप ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सामाजिक उत्थान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने सम्मेलन को सामाजिक एकता का सशक्त मंच बताया।
विशिष्ट अतिथि सतीश कुमार ने कहा कि समाज की तरक्की के लिए शिक्षा और संगठन को प्राथमिकता देना आवश्यक है। वहीं बी.एल. मेहरा ने समाज के लोगों से आपसी सहयोग और भाईचारा बनाए रखने का आह्वान किया।


वरिष्ठ संरक्षक श्री किरण पाल सिंह ने कहा कि समाज की गौरवशाली परंपराओं को सुरक्षित रखते हुए नई पीढ़ी को आगे बढ़ाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए समिति के पदाधिकारियों एवं समाज के लोगों को शुभकामनाएं दीं।


सम्मेलन के दौरान समाज के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। वक्ताओं ने सामाजिक कुरीतियों को दूर करने, बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने और युवाओं को समाजसेवा से जोड़ने पर जोर दिया। कार्यक्रम के समापन पर श्री कश्यप समाज आश्रम समिति की ओर से सभी अतिथियों एवं समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया गया। आयोजन ने समाज में एकता, भाईचारे और नई ऊर्जा का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *