रेखा आर्या बोलीं— आस्था, राष्ट्रभक्ति और खेल संस्कृति का बनेगा विराट संगम, संतों ने दिया आशीर्वाद
हरिद्वार(कमल शर्मा)6 अगस्त। उत्तराखंड की कैबिनेट एवं खेल मंत्री रेखा आर्या ने घोषणा की कि 10 अगस्त को हरिद्वार की पावन हरकी पैड़ी से ऋषिकेश स्थित वीरभद्र महादेव मंदिर तक भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा आस्था के साथ-साथ राष्ट्रभक्ति, युवा शक्ति और खेल संस्कृति के प्रति जन-जागरण का संदेश देगी।

हरिद्वार आगमन पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज तथा निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी महाराज ने चरण पादुका मंदिर में आयोजित कांवड़ सेवा शिविर में रेखा आर्या का पगड़ी पहनाकर, मां दुर्गा की प्रतिमा और तलवार भेंट कर भव्य स्वागत किया।

रेखा आर्या ने कहा कि पिछली कांवड़ यात्रा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ और लैंगिक समानता के संदेश को समर्पित थी, जिसके सकारात्मक परिणाम प्रदेश में देखने को मिले। इस बार की यात्रा का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2036 ओलंपिक की मेजबानी के राष्ट्रीय विजन को जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि भारत खेल महाशक्ति बनने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ सके। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े राष्ट्रीय लक्ष्य की सफलता के लिए संत समाज का आशीर्वाद और जनसहभागिता आवश्यक है।

अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि खेल मंत्री की यह कांवड़ यात्रा आस्था, राष्ट्रभक्ति, युवा शक्ति और खेल संस्कृति के समन्वय का प्रेरक अभियान है, जो समाज में सकारात्मक संदेश देगी। वहीं श्रीमहंत रामरतन गिरी महाराज ने विश्वास जताया कि भगवान शिव की कृपा से भारत खेल जगत में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
इस अवसर पर महंत राज गिरी, उद्योगपति गिरधारी लाल, भाजपा नेता रोहन सहगल, पंडित अधीर कौशिक सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










